
साइबर ठगी का शिकार बने युवक को वापस मिली 4.72 लाख की राशि।
दरभंगा: साइबर अपराध का शिकार बने एक युवक को साइबर पुलिस की तत्परता से ठगी गई राशि वापस मिल गई है। मामला बहेड़ा थाना क्षेत्र के फरदाहा गांव का है, जहां के निवासी मिंटू कुमार यादव के खाते से साइबर अपराधियों ने 15 जून को 4 लाख 72 हजार रुपए की ठगी कर ली थी।

सूचना मिलते ही पीड़ित ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर खाते की राशि को फ्रीज करवाया। इसके बाद उन्होंने साइबर थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की जानकारी दी।

डीएसपी (साइबर) विपिन कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई। खाते से राशि निकासी की कोशिश की गई थी, लेकिन समय पर सूचना देने से रकम को होल्ड करा दिया गया। न्यायालय के आदेश के बाद पीड़ित को पूरी राशि वापस लौटा दी गई।

उन्होेंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी साइबर ठगी के शिकार होने पर घबराने के बजाय तुरंत डायल 1930 पर संपर्क करें और नजदीकी साइबर थाना में आवेदन देकर कानूनी प्रक्रिया शुरू करवाएं। समय पर दी गई सूचना से ठगी गई रकम वापस मिलने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।


