Home Featured साइबर ठगी के विवाद में बहन की हत्या, भाई गिरफ्तार; दिल्ली से पकड़कर पुलिस ने सुलझाई गुत्थी।

साइबर ठगी के विवाद में बहन की हत्या, भाई गिरफ्तार; दिल्ली से पकड़कर पुलिस ने सुलझाई गुत्थी।

दरभंगा: मनिगाछी थाना क्षेत्र के बिसौल-कमलाबाड़ी सड़क के बीच 31 दिसंबर की रात हत्या कर सड़क किनारे फेंकी गई महिला के मामले की गुत्थी पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर सुलझा लेने का दावा किया है।

Advertisement

बुधवार को मनीगाछी थाना परिसर में बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने बताया कि हत्या के आरोप में मधुबनी जिले के भैरव स्थान थाना क्षेत्र के लालगंज गांव निवासी (मृतका के सहोदर भाई) संतोष मुखिया को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

एसडीपीओ के अनुसार मृतका शुभकला देवी का मायका मनीगाछी थाना क्षेत्र के फुलवन गांव में था, जबकि उसकी शादी मधुबनी जिले के लालगंज गांव में हुई थी। बताया गया कि मृतका का पति दिल्ली में मजदूरी करता है और वह घर पर अकेली रहती थी। पुलिस का कहना है कि महिला मोबाइल के जरिए साइबर ठगों के संपर्क में आ गई थी और कथित रूप से नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे लेकर आगे भेजती रही, जिससे उसके मायके पक्ष में आक्रोश बढ़ा और पारिवारिक विवाद गहरा गया।पुलिस के अनुसार इसी विवाद के दबाव और बहन के व्यवहार से खिन्न होकर संतोष मुखिया 31 दिसंबर की देर रात लालगंज पहुंचा और बहन को समझाने का प्रयास किया। बाद में उसे मां से मिलवाकर समझाने की मंशा से फुलवन की ओर निकलने की बात कही गई है। रास्ते में कहासुनी बढ़ने पर दोनों में हाथापाई हुई और इसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से गर्दन दबाकर बहन को गंभीर अवस्था में पहुंचा दिया। पुलिस के मुताबिक महिला को मरणासन्न हालत में सड़क किनारे छोड़कर आरोपी वापस दिल्ली चला गया।

एसडीपीओ ने बताया कि मृतका की मां से पूछताछ तथा मोबाइल से मिले तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ी, जिसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए टीम दिल्ली भेजी गई। वहां से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने घटना में संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Share