
सारामोहनपुर में डायरिया का कहर: 2 की मौत, 72 लोग बीमार।
दरभंगा: जिले के सारामोहनपुर गांव में अचानक डायरिया फैलने से हड़कंप मच गया है। बीमारी की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि अब तक 72 लोग बीमार बताए जा रहे हैं। बढ़ते मामलों से ग्रामीण दहशत में हैं और प्रशासन से मेडिकल कैंप लगाने व पीने के पानी की व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

वार्ड 5 और 8 सबसे ज्यादा प्रभावित
गांव के वार्ड नंबर 5 और 8 में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर है। कई परिवारों में एक से अधिक लोग उल्टी-दस्त, तेज बुखार और कमजोरी की चपेट में आ चुके हैं। दो ग्रामीणों – 65 वर्षीय दीप लाल यादव और लक्ष्मी देवी की मौत बीमारी के चलते हो चुकी है। अन्य कई मरीजों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, निजी क्लीनिक और सदर अस्पताल गंगवारा में भर्ती कराया गया है, वहीं कई लोग घर पर ही उपचार करा रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची गांव
बीमारी की खबर मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और मरीजों की जांच शुरू की। सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार ने जानकारी दी कि अब तक 72 मरीजों की पुष्टि हुई है और दो लोगों की मौत हो चुकी है। डीएमसीएच और गंगवारा सदर अस्पताल में अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की गई है। डॉक्टरों की टीम तैनात की गई है और दवाओं की आपूर्ति भी बढ़ा दी गई है। विभाग ने आश्वासन दिया है कि हालात पर पूरी नजर रखी जा रही है।

बच्चों से शुरू हुआ संक्रमण
ग्रामीणों के मुताबिक, सबसे पहले बच्चे बीमार पड़े थे, इसके बाद धीरे-धीरे पूरे गांव में बीमारी फैल गई। मृतक लक्ष्मी देवी के पति विकास ने बताया कि समय पर सही इलाज नहीं मिलने की वजह से उनकी पत्नी की जान चली गई। डीएमसीएच में भर्ती कराया गया था लेकिन उनकी मौत हो गई।

ग्रामीणों की मांग
बीमारी से परेशान ग्रामीण प्रशासन से लगातार मांग कर रहे हैं कि गांव में तुरंत फुल-फ्लेज मेडिकल कैंप लगाया जाए, दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था हो और पीने के पानी की आपूर्ति स्वच्छ की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।

