
सुप्तावस्था में पत्नी पर हमला, इलाज के दौरान मौत; आरोपी पति गिरफ्तार।
दरभंगा: नेहरा थाना क्षेत्र के नेहरा स्वर्णकार टोल में रविवार अलसुबह सुप्तावस्था में पत्नी पर लोहे के मूसल और चाकू से वार करने के मामले में महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि आरोपी पति रजनीश ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक 30 वर्षीय तुलसी ठाकुर पर सिर में मसाला कूटने वाले लोहे के मूसल से तथा गर्दन पर चाकू से लगातार वार किए गए, जिसके बाद पड़ोसियों की सूचना पर उसे सकरी स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से स्थिति नाजुक होने पर डीएमसीएच रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मृतका के पिता, नेपाल जनकपुर निवासी पवन ठाकुर के फर्दबयान पर बेंता थाना में प्राथमिकी दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों के अनुसार विवाह 2011 में हुआ था और मृतका के एक पुत्री व दो पुत्र हैं।

नेहरा थानााध्यक्ष राहुल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है

