
हराही तालाब में मिला अधेड़ का शव, मृतक की हुई पहचान।
दरभंगा: शहर के नगर थाना क्षेत्र के हराही तालाब में शुक्रवार की दोपहर एक शव बरामद होने से सनसनी मच गयी। तीन दिनों के अंदर दूसरा शव मिलने की खबर ने सबको चौंका दिया। स्थानीय लोगों ने शव को उपलाता हुआ देख इसकी सूचना नगर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार को दी। सूचना पाकर वे दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे व शव को निकलवाया।

उन्होंने पहचान के लिए कुछ देर के लिए शव को तालाब के किनारे रखा, लेकिन पहचान नहीं हो पाई। उसके बाद उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। साथ ही शव का फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। खबर वायरल होते ही शव की पहचान हो गई। मृतक इसी थाना क्षेत्र के पुअर होम के पास के रहने वाले 60 वर्षीय मनोज कुमार झा थे। जैसे ही इस बात की जानकारी मृतक के परिजनों को मिली, वे डीएमसीएच पहुंचे। परिजनों के अनुसार मनोज मानसिक तनाव में रहते थे। उन्हें नींद नहीं आने की बीमारी थी। इसे लेकर आए दिन नींद की दवा खा रहे थे।

परिजनों के अनुसार वे शुक्रवार की सुबह ही घर से निकले थे, लेकिन दोपहर में घर वालों को सूचना मिली कि उनका शव तालाब से बरामद हुआ है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि किस परिस्थिति में उनकी मौत हुई।

