
हाइवा ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत; घर का इकलौता कमाने वाला था जूही, पत्नी आठ माह की गर्भवती।
दरभंगा: सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के लालपुर चौक के पास गुरुवार देर शाम तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

मृतक की पहचान मिर्जापुर जगनी निवासी मो. गुलाब सिकलगर के पुत्र मो. जूही सिकलगर 39 के रूप में हुई है। वह नगर पंचायत सिंहवाड़ा में कपड़ा सिलने का काम करता था और परिवार का इकलौता कमाने वाला बताया जा रहा है।

परिजनों के अनुसार जूही गांव में एक व्यक्ति की मौत के बाद आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गया था। वहां से खाना खाकर वह अपनी दुकान लौट रहा था, तभी रास्ते में हाइवा ने उसे टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सीएचसी सिंहवाड़ा ले जाया गया, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रेमचंद ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया।मृतक के चचेरे भाई मो. अली ने बताया कि टक्कर के बाद कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। वहीं चचेरे भाई अशरफ के अनुसार डंपर (हाइवा) भरवाड़ा की ओर से अतरवेल की दिशा में जा रहा था और टक्कर मारने के बाद रास्ता बदलकर फरार हो गया।
परिजनों ने बताया कि जूही अपने पीछे 9 और 7वर्ष के दो छोटे बेटे छोड़ गया है, जबकि उसकी पत्नी आठ महीने की गर्भवती है। घर में मातम पसरा है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष वसंत कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया है। फरार वाहन चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

