
पंचायत समिति की बैठक में मनरेगा के पीओ रहे निशाने पर। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जाले प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित मनरेगा भवन के सभगार में मनरेगा योजना की वित्तीय वर्ष 2017-18 का श्रम बजट व वर्षिक कार्य योजना तैयार करने, मनरेगा की पूरक योजना की समीक्षा, शिक्षा, कृषि, राजस्व, स्वास्थ कल्याण व बाल विकास परियोजना, खाद्य आपूर्ति, विधुत विभागों के लिए हुई कार्य योजनाओं की समीक्षा के दौरान संबंधित पदाधिकारियों की बैठक में पंचायत समिति सदस्य व मुखिया के निशाने पर रहे
आयोजित प्रखंड पंचायत समिति की बैठक प्रमुख फुलो बैठा की अध्यक्षता में शुरू होते ही मनरेगा के पीओ संजय कुमार के विरुद्ध पूरा सदन आरोपों की बौछार शुरू कर दिया. इनके विरुद्ध आरोप यह था की वह बिना वार्षिक कार्ययोजना बनाए व पिछले वर्ष के योजनाओं की संपुष्टि कराए बिना ही बजट पास कराने पहुंच गए. पीओ पर यह भी आरोप लगी की प्रखंड क्षेत्र के तीन चार पंचायतों को छोड़ कर अन्य पंचायतों का वह उपेक्षा करते है, साथ ही मनरेगा योजनाओं को बिचौलियों के माध्यम से चलाने का भी आरोप लगाया गया. जिसके विरूद्ध अहियारी के पंसस ललन पासवान ने मोर्चा खोला. जाले पूर्वी के मुखिया आलिया प्रवीन ने बिजली विभाग के विरुद्ध मोर्चा खोलते हुए पंचायत के गररी गांव में लो वोल्टेज की समस्या को बैठक में उठाई.
साथ ही उन्होंने एक और ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की. बैठक में कमतौल के पंसस पूर्व उप प्रमुख रंजीत कुमार प्रसाद ने मिथिला राज्य अलग करने का प्रस्ताव लाये जिसे सर्व सम्मति से पारित कर दिया. वहीं पंसस बैधनाथ सिंह ने कमतौल के दलित मुहल्ला में विधुतीकरण कराने की मांग रखी. पंसस सुभाष ठाकुर ने प्रखंड में आये आवंटित राशि को सभी पंचायत जनप्रतिनिधियों के बीच अपने अपने क्षेत्र के विकास के लिये बराबर करके वितरण करने की मांग की. इसके साथ सभी पंचायतों में वृक्षारोपण कार्यक्रम चालू कराने तथा अहियारी उत्तरी मध्य विद्यालय में शौचालय बनवाने की मांग की. मुरैठा पंचायत समिति नवीन कुमार झा ने मुरैठा पंचायत में अस्पताल के उद्घाटन के बावजूद भी अभी तक डॉक्टरों की तैनाती नही होने तथा बिजली बिल बिना रिडिंग के भेजे जाने का मामला उठाया.
बैठक में अंचलाधिकारी कैलाश चौधरी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गंगेश झा, कृषि पदाधिकारी राम प्रवेश प्रसाद, बीसीओ घुरण राम, पंचायत पदाधिकारी ज्ञानेंद्र झा, थनाध्यक्ष जाले राम किशोर शर्मा व कमतौल राज कुमार राय आदि मौजूद थे.

