
मानव श्रृंखला में 7 लाख लोगों के भाग लेने का लक्ष्य : जिलाधिकारी। Voice of Darbhanga

दरभंगा : 21 जनवरी से पूरे राज्य में मध्यनिषेध अभियान का दूसरा चरण शुरू हो रहा है और उस दिन पूरे राज्य में 10 हजार किलो मीटर मानव श्रृंखला बनायी जाएगी. जिसमें दरभंगा के लिए 342 किलोमीटर मानव श्रृंखला बनाने का लक्ष्य जिला प्रशासन के लिए निर्धारित किया गया है. कार्यक्रम की तैयारी को लेकर जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने आज समाहरणालय सभा कक्ष में समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई थी. अधिकृत रूप से दी गई जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि राज्य सरकार का यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम है. जिसे देखते हुए सभी विभागों के वरीय एवं कनीय पदाधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने दायित्व का निर्वहन पूरी क्षमता से करें. जिलाधिकारी ने कहा कि दरभंगा के लिए मानव श्रृंखला में 7 लाख लोगों की भागीदारी सुनिश्चत की जाएगी. उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र के निवासियों को इसमें शरिक होने के लिए अनुरोध करेंगे. इसके अलावे सभी विभागों के पदाधिकारी अपने अधिनस्त कर्मियों को साथ लेकर जिला के सभी विद्यालयो के छात्र-छात्राये अपने अभिभावक और शिक्षकों के साथ, जीविका और अन्य संस्थाओं के कार्यकर्ता जन समुदाय का सहयोग प्राप्त कर निर्धारित रूट पर मानव श्रृंखला बनाएंगे. जिलाधिकारी ने कहा कि विशाल मानव श्रृंखला का निर्माण विश्व में पहली बार किया जा रहा है. इसकी फोटोग्राफी सेटेलाइट के माध्यम के अलावा हर जिला में ड्रोन से फोटोग्राफी और विडीओग्राफी की जाएगी. हर जिला में कम से कम 30 मिनट की विडीओग्राफी की जाएगी. जिलाधिकारी ने कहा कि मानव श्रृंखला के अवधि में एम्बुलेंस सेवा को छोड़ सभी तरह के वाहनों का परिचालन पर रोक रहेगी.

