
डीएमसीएच में बच्चे का इलाज़ कराने आयी महिला के साथ दुष्कर्म! Voice of Darbhanga

दरभंगा : डीएमसीएच के ऑर्थो विभाग में मरीज की मां के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप विभाग में अवैध रूप से ड्रेसर का काम करनेवाले विपिन कुमार पर लगा है, जिसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है. इधर, घटना की जानकारी फैलते ही डीएमसीएच में हड़कंप मच गया है. पहले मामले को रफा-दफा करने की कोशिश हुई, लेकिन पीड़िता न्याय की मांग पर अड़ी है. वह कह रही है, जब तक मुझे न्याय नहीं मिलेगा, तब तक मैं अस्पताल से नहीं जाऊंगी.
जानकारी के मुताबिक पीड़िता के पांच साल के बच्चे का पैर टूट गया था, जिसे उसने पांच दिन पहले इलाज के लिए डीएमसीएच के आर्थो विभाग में भरती कराया था. उसका इलाज ऑर्थो के विभागाध्यक्ष डॉ लालजी चौधरी की देखरेख में चल रहा है. इस बीच बच्चे को प्लास्टर नहीं चढ़ा था, जिसकी वजह से महिला परेशान थी. वह विभाग में काम करनेवाले कर्मचारियों से प्लास्टर चढ़ाने के बारे में पूछ रही थी. बताते हैं कि इसी बीच शनिवार की देर शाम विापिन कुमार नाम के अवैध ड्रेसर ने महिला को मदद के बहाने अपने साथ आने को कहा.विपिन कुमार के इरादों से अनजान महिला उसके झांसे में आ गयी, जो उसे विभागाध्यक्ष डॉ लालजी चौधरी की यूनिट के सामने बने कमरे में ले गया. कमरे में ही महिला के साथ दुष्कर्म किया. घटना से बदहवास महिला ने जब शोर मचाना शुरू किया, तो विभाग में भरती अन्य मरीजों के परिजन मौके पर जमा हो गये. इस बीच वहां सुरक्षा के लिए तैनात कर्मचारी भी पहुंच गये. कमरे के बाहर लोगों को देख आरोपित ड्रेसर विपिन कुमार मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सुरक्षाकर्मी ने उसे पकड़ लिया.
घटना की जानकारी तुरंत बेता थाना पुलिस को दी गयी. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित ड्रेसर विपिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया. उसे थाने पर रख कर देर रात तक पूछताछ की जा रही थी. इधर, जैसे ही घटना की जानकारी अस्पताल में फैली हड़कंप मच गया. आनन-फानन में पीड़िता के बच्चे को प्लास्टर चढ़ाया गया. बताया जाता है कि उसके इलाज से संबंधित कागजात भी डॉक्टरों ने अपने पास रख लिये. प्लास्टर के बाद बच्चे को डिस्चार्ज करने की तैयारी थी, लेकिन पीड़ित महिला ने कहा कि उसे जब तक न्याय नहीं मिल जाता है, तब तक वह नहीं जायेगी.

