
लापता महिला की लाश मिलते ही आक्रोशित हुए लोग। Voice of Darbhanga

दरभंगा: विश्वविद्यालय थाना के सुंदरपुर मोहल्ला स्थित बापू चौक निवासी राजकुमार महासेठ के प्रति मोहल्ला वालों में काफी आक्रोश था। लोगों का कहना था कि यह अपनी बहू को मारकर ठिकाना लगा दिया है। सोमवार की सुबह में लापता होने की बात को भी लोग झूठला रहे थे। यही कारण था कि मोहल्ले के लोग मृतका पूजा कुमारी उर्फ़ रोजी के मायके वालों का खुलकर साथ दे रहे थे। दिन में जब एएसपी दिलनबाज अहमद मामले के अनुसंधान में घर वालों से बात करने आए तो चारों ओर से मोहल्ला के लोग भी जुट गए। लोगों ने ससुराल वालों की उंची पहुंच बताते हुए कहा कि अगर पुलिस इंसाफ नहीं करेगी तो मोहल्ला के लोग मायके वालों को मदद करने के लिए बाध्य होगा। हालांकि, एएसपी श्री अहमद ने अनुसंधान करने उपरांत पूजा सहित घर के सभी मोबाइल का कॉल डिटेल निकालने का निर्देश दिया। लेकिन, देर शाम घर के बगल में स्थित तालाब से पूजा की लाश मिल गई। इसकी सूचना मिलते ही पूजा के मायके वालों व स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते लोगों ने राजकुमार महासेठ के घर में आग लगा दी। घर में रखी दो बाइक धू-धू कर जलने लगी। तोड़-फोड़ कर धर की सूरत बदल दी। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष व मब्बी ओपी प्रभारी घटना स्थल पर पहुंच गए। लेकिन, आक्रोशित लोग समझने को तैयार नहीं थे। घर में बंद लोगों की जान बचानी मुश्किल लग रही था। दंगा नियंत्रक दस्ता व एएसपी दिलनबाज अहमद के पहुंचने पर पुलिस वालों की हिम्मत बढ़ी। आक्रोशित लोगों को खदेड़ कर भगा दिया गया। इसके बाद आग पर काबू पाने के लिए पुलिस वालों ने पानी डालना शुरू कर दिए। बाहर का दारवाजा नहीं टूटने पर पीछे का गेट तोड़कर पुलिस घर के अंदर गई। इसके बाद जाकर पूजा की डेढ़ वर्षीय बच्ची सहित घर के लोगों की जान बचाई गई। सभी को सही सलामत निकाला गया। हालांकि, पुलिस ने आक्रोश को कम करने के लिए बच्ची को मामा के हवाले कर दिया।

