
महात्मा गांधी की पुण्यस्मृति में जगह-जगह कार्यक्रम। Voice of Darbhanga
दरभंगा : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहीद दिवस के मौके पर दरभंगा समाहरणालय स्थित भीमराव अम्बेदकर सभागार में जिलाधिकारी समेत सभी अधिकारियों ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखा. इस मौके पर जिलाधिकारी डॉ. चन्द्रेशखर सिंह ने कहा कि राष्टÑपिता के बताये गये पदचिह्नों पर चलकर ही देश को आगे बढ़ाया जा सकता है. उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने कर्त्तव्यों का बोध दिलाते हुए कहा कि किसी भी हाल में आम जनता के कामों को रोक कर नहीं रखे. यही राष्ट्रपिता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी. वहीं महात्मा गांधी के पुण्यतिथि के मौके पर बलभद्रपुर स्थित जिला कार्यालय में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसे संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सीताराम चौधरी ने कहा कि बापू ने देश के लिए जो त्याग और बलिदान दिया है उसी के बलबूते आज हम अपनी पहचान दुनिया में बनाये हुए हैं. पूर्व मेयर अजय जालान ने कहा कि बापू के कुर्बानी को पूरी दुनिया जानती है. इनके इतिहास को छेड़-छाड़ करने वालों को देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी. मो. अस्लम ने बापू के दिखाये रास्ते पर चलने की बात कही. श्रद्धांजलि सभा में जिला उपाध्यक्ष रेयाज अली खान, मो. अनवर, त्रिभुवन कुमार, धनंजय कुमार, उदित नारायण चौधरी, प्रमानंद झा, अशोक पासवान आदि उपस्थित थे. कमतौल संवाददाता के अनुसार कमतौल स्थित खादी भण्डार परिसर में सोमवार को वयोवृद्ध समाजसेवी रामकुमार प्रसाद की अध्यक्षता में सैकड़ो ग्रामीणों ने शहादत दिवस के अवसर पर गांधी जी के चित्र को माल्यार्पित कर व दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. श्रद्धांजलि अर्पित करने वालो में वयोवृद्ध श्री प्रसाद समेत अजीत प्रसाद, उमेश सिंह, राहुल कुमार, नवेन्दु ठाकुर, गौतम कुमार, मो0 इलियास आदि प्रमुख थे.

