
डा0 विद्याधर मिश्र होंगे संस्कृत विश्विद्यालय के कार्यवाहक कुलपति। Voice of Darbhanga

दरभंगा: व्याकरण विभाग के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठतम शिक्षक डॉ विद्याधर मिश्र कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के अगले कार्यवाहक कुलपति होंगे।राजभवन से जारी पत्र में इस आशय की जानकारी देते हुए स्पष्ट कहा गया है कि यह व्यवस्था तात्कालिक है और डॉ मिश्र का कार्यकाल 2 फ़रवरी से अगले आदेश तक मान्य होगा। जानकारी देते हुए विवि के पीआरओ निशिकांत प्र सिंह ने बताया कि गुरुवार को अपराह्न 11 बजे डा मिश्र अपना कार्यभार सम्भालेंगे।
मालूम हो कि वर्तमान कुलपति डॉ देवनारायण झा का कार्यकाल पहली फ़रवरी को समाप्त हो रहा है। इसी कारण से राजभवन द्वारा उक्त तात्कालिक व्यवस्था की गयी है।
बता दें कि डा मिश्र केएसडीएसयू के व्याकरण स्नातकोत्तर विभाग में वरीय प्राध्यापक पद पर कार्यरत हैं और 31 अगस्त 2013 से 9 नवम्बर 2016 तक विभागाध्यक्ष भी रहे थे। करीब 44 वर्षों से अध्यापन में जुटे डा मिश्र ने कई ग्रंथों का हिन्दी व मैथिली में अनुवाद भी किया है। चार ग्रंथों के अलावा सात निबन्ध भी उनका प्रकाशित हो चुका है। वहीं, बातचीत के क्रम में उन्होंने खुलासा किया कि छात्र के अध्ययन व आवास के साथ- साथ अध्यापन की व्यवस्था सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता होगी। शिक्षकों की पुरानी समस्याओं को भी हल करने का प्रयास किया जायेगा। इसके अलावा विवि की गरिमा को बढ़ाने के लिए हर सम्भव उपाय निकाला जायेगा।
उल्लेखनीय है कि स्थानीय जयदेवपट्टी निवासी डा मिश्र पांच भाई हैं और सभी के सभी व्याकरण के ही प्राध्यापक हैं। इनके पिता स्व रमेश्वर मिश्र भी व्याकरण के ही चर्चित विद्वान थे।

