
नौ सूत्री मांगों को लेकर वार्ड सदस्य संघ का प्रदर्शन। Voice of Darbhanga

दरभंगा: पंचायत वार्ड सदस्य संघ की ओर से नौ सूत्री मांगों के सर्मथन में समाहरणालय के समक्ष प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन का नेतृत्व संघ के अध्यक्ष सत्यानंद सिंह एवं सचिव राजीव कुमार कर रहे थे. बाद में धरनास्थल पर अध्यक्ष की अध्यक्षता में सभा हुई जिसमें सचिव श्री कुमार ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सात निश्चय कार्यक्रम को मूर्त रूप दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पंचायती राज विभाग द्वारा क्रियान्वित दो निश्चयों में मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल एवं मुख्यमंत्री गली-नाली पक्की करण योजना में वार्ड सदस्यों की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है. इस भूमिका पर मुखिया की नजर टेढ़ी हो गई है. वे चाहते हैं कि किसी भी प्रकार से इन दोनों योजनाओं से वार्ड सदस्यों को किनारे कर दिया जाए. वहीं वार्ड सदस्य संघ के जिला संयोजक गजेन्द्र शर्मा ने वार्ड सदस्यों के मान-सम्मान व अधिकार पर कुंडली मार कर बैठे प्रखंड प्रशासन के खिलाफ आंदोलन तेज करने का आह्वान किया. इस अवसर पर मुन्ना कुमार पासवान, गोविन्द झा, शाहजहां खातुन, आरती देवी, अरूण कुमार पासवान, रूदल पासवान, शांति देवी, विनोद पासवान, तनवीर आलम, प्रेम कुमार मिश्रा, अरूण झा, शांति देवी सहित अन्य उपस्थित थे.

