
डीएमसीएच में हुए दुष्कर्म मामले में समर्पित आरोप पत्र में दुष्कर्म की पुष्टि! Voice of Darbhanga

दरभंगा(विशेष सं0सू0): डीएमसीएच के आर्थो वार्ड में भरती एक मरीज की मां के साथ सात जनवरी की शाम अवैध रूप से कार्यरत ड्रेसर द्वारा दुष्कर्म करने के मामले में अनुसंधानक ने न्यायालय में आरोप पत्र समर्पित कर दिया है. आरोप पत्र में साक्ष्य व जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने बलात्कार की घटना को सही पाया है. 23 दिसंबर 2016 को समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र की एक महिला अपने पांच वर्ष के बेटे को आर्थो वार्ड में भरती करायी थी. महिला की गरीबी का फायदा उठाकर वार्ड में अवैध रूप से कार्यरत बीबीपाकर निवासी डीएमसीएच के सेवानिवृत्त कर्मी परमेश्वर ठाकुर के पुत्र विपिन कुमार उसके करीब आया.
सात जनवरी की शाम विपिन ने महिला को अल्लपट्टी स्थित डॉ एसएन नवाब के क्लिनिक में दाई की नौकरी दिलाने और बेटे के लिए दवा दिलाने का प्रलोभन दिया. विपिन महिला को डॉ नवाब के क्लिनिक में ले गया. वहां एक कमरे में बंद कर उसके साथ बलात्कार की घटना को अंजाम दिया. किसी तरह बदहवाश महिला अस्पताल में अपने बेटे के पास पहुंची तो पीछे से आरोपित विपिन वहां धमक गया. महिला द्वारा जब अन्य मरीजों के परिजनों को आपबीती सुनायी जा रही थी तबविपिन उसे इलाज कराने के बहाने उठाकर सर्जिकल भवन के प्रथम तल पर ले गया. मरीजों के परिजनों द्वारा आरोपित को दबोच लिया गया. इसकी सूचना अस्पताल के सुरक्षा कर्मी व बेता ओपी को दी गई. सुरक्षा कर्मी हड़कत में आये और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. इधर, एएसपी दिलनवाज अहमद ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला का बयान लेने महिला थानाध्यक्ष सीमा कुमारी को डीएमसीएच भेजा. सात जनवरी की रात में ही पीड़िता का बयान ले लिया गया.

