
कानून व्यवस्था और किसानों की समस्याओं को लेकर राजग का महाधरना। Voice of Darbhanga

दरभंगा : पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत राष्टÑीय जनतांत्रिक गठबंधन के तत्वावधान में राज्य में गिरती हुई कानून व्यवस्था व किसानों की समस्याओं को लेकर जननायक कर्पूरी ठाकुर चौक पर महाधरना दिया गया. इस मौके पर राजग के जिला संयोजक और भाजपा के जिलाध्यक्ष हरि सहनी की अध्यक्षता में सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश वर्मा ने कहा कि जिले के सभी प्रखंडों सहित मुख्यालय में पैक्स व व्यापार मंडलों के जरिए धान खरीद का नाटक राज्य सरकार कर रही है. जबकि किसान बिचौलियों के माध्यम से औने-पौने दाम में धान बेचने को मजबूर है. प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि स्थिति में सुधार नहीं लाया गया, तो आगे और भी आंदोलन किया जायेगा. उन्होंने नीतीश सरकार को दलित और पिछड़ा वर्ग विरोधी करार दिया. पूर्व विधायक गोपालजी ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था गिरती जा रही है. जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि अपराधियों के समक्ष नीतीश सरकार बौना साबित हो रही है. लगातार हत्या, रंगदारी, फिरौती, डकैती का ग्राफ बढ़ रहा है. इसके अलावा पूर्व विधायक ने गरीबों को राशन कार्ड से वंचित करने पर आक्रोश व्यक्त किया. विधान पार्षद अर्जुन सहनी ने अपने संबोधन में कहा कि सभी नलकूपों को बंद करने के कारण सिंचाई कार्य बाधित है. उन्होंने पैक्सों के साथ मिलों का टैगिंग नहीं किये जाने एवं खाद्य निगम द्वारा चावल खरीद केन्द्र नहीं खोले जाने पर नीतीश सरकार पर गंभीर आरोप लगाये. वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष हरि सहनी ने कहा कि नीतीश सरकार ने डेढ़ लाख से अधिक किसानों के निबंधन रद्द किये हैं यह किसानों के खिलाफ अन्यायपूर्ण कार्रवाई है. धरनास्थल पर आयोजित सभा को लोसपा जिलाध्यक्ष संजीव कुशवाहा, लोजपा जिलाध्यक्ष गगन कुमार झा, पूर्व विधान पार्षद मिश्रीलाल यादव, डॉ. मुरारी मोहन झा, रामचन्द्र यादव, अशोक नायक, राजेश रंजन, संजीव साह, धर्मशिला गुप्ता, रमाशंकर ठाकुर, प्रदीप ठाकुर, अवधेश झा, मणिकांत झा, अंजनी निषाद, जीवछ सहनी, जितेन्द्र झा, भरत सहनी, विकास चौधरी, रामपदारथ ठाकुर आदि ने संबोधित किया.

