
पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय के समक्ष आत्मदाह का प्रयास। Voice of Darbhanga

दरभंगा: पुलिस महानिरीक्षक के कार्यालय के सामने आत्मदाह करने पहुंचे बहादुरपुर थाना क्षेत्र के मो. मुस्तफा जिसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया. मामले के संबंध में बताया जाता है कि मो. मुस्तफा ने एक माह पूर्व ही थानाध्यक्ष बहादुरपुर, सीओ, डीएसपी और वरीय पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर बताया था कि भू-माफियाओं के द्वारा बहादुरपुर गांव में ईमामबारा को हटाकर जवरन मकान बनाया जा रहा है. लेकिन इसके बावजूद भी किसी पदाधिकारी ने घटनास्थल पर जाकर इसकी जानकारी नहीं ली. जिसके बाद दो दिन पहले मो. मुस्तफा ने पुलिस महानिरीक्षक को आवेदन देकर कहा था कि 10 फरवरी को वह इस मामले को लेकर आत्म दाह करेंगे. इसी को लेकर आज वह पूरे परिवार के साथ आईजी कार्यालय के सामने पहुंचे. वे अपने साथ मिट्टी का तेल लेकर भी पहुंचे थे. जिसकी खबर लहेरियासराय थानाध्यक्ष डी.के. मंडल को हुई थी, वे पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और उसे गिरफ्तार किया. इस बीच कुछ देर के लिए हंगामा भी हुआ, जिसकी वजह से यातायात भी बाधित हो गया. बाद में पुलिस ने मो. मुस्तफा को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया. अपर पुलिस अधीक्षक ने इस संबंध में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इन सारे मामलों के अनुसंधान करने का आदेश उन्हें दिया है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.

