
दो दिनों में पूरा हो सारे अधूरे काम: डीआरएम। Voice of Darbhanga

दरभंगा: समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम सुधांशु शर्मा ने शनिवार को दरभंगा जंक्शन का औचक निरीक्षण किया। वे पूर्व मध्य रेल हाजीपुर के महाप्रबंधक डीके गायने के 18 फरवरी को प्रस्तावित वार्षिक निरीक्षण की तैयारियों का जायजा लेने यहां पहुंचे थे। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों से कई जानकारियां ली। डीआरएम ने निर्माणाधीन रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संवेदक को दो दिनों के अंदर अधूरे कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने काफी देर तक निर्माणाधीन भवन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कई खामियां देखीं। मालूम हो कि महाप्रबंधक अपने वार्षिक निरीक्षण के दौरान इस कॉलोनी का उदघाटन करेंगे। इसे देखते हुए डीआरएम ने अधूरे कार्य को ससमय पूरा करने का निर्देश दिया। सीक लाइन की तैयारी को लेकर उन्होंने अभियंता से कई जानकारी ली। वहां की समस्याएं को जल्द दूर करने को कहा। उन्होंने जीएम के आगमन को देखते रेल कर्मियों व अधिकारियों को दो से तीन दिन के अंदर सारी समस्याओं को दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने रेलवे अस्पताल की स्थिति में भी सुधार लाने को कहा। प्लेटफार्म संख्या एक का उन्होंने निरीक्षण कर शेड के उपर लटके केवल को ठीक करने का आदेश दिया। साथ ही उत्तरी दिशा में स्थित शीतल पेयजल नल को हटाकर समान्य नल वाले यूनिट में उसे लगाने का आदेश दिया। शीतल पेयजल वाले नल के उपर उन्होंने बोर्ड भी लगाने को कहा। स्टेशन अधीक्षक सभागार को हाईटेक करने के लिए रंग-रोगन करने सहित व पर्दा लगाने को कहा। सभागार के सामने स्थित स्टॉल को उन्होंने हटाकर आरएमएस के बगल में लगाने को कहा। उन्होंने कहा कि दूर से प्लेटफार्म सुदंर दिखे इसका हमेशा ख्याल रखने की जरूरत है। इसके बाद वे अपने लाव लश्कर के साथ इंजन पर सवार होकर दरभंगा-समस्तीपुर रेलखंड का स्पीड ट्रायल करने के लिए रवाना हो गए। मौके पर स्टेशन अधीक्षक मनहर गोपाल, डीसीआई राजेश रंजन श्रीवास्तव, सीटीटीआई पवन सिंह, आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय प्रकाश, सहायक अभियंता भरत सिंह सहित कई अधिकारी निरीक्षण में शामिल थे

