
आज से शुरू इंटर की परीक्षा में मीडिया को अलग रखने का निर्णय। Voice of Darbhanga

दरभंगा : जिले में आज से होने वाले अंतरस्नातक परीक्षा के लिए कुल 25 केन्द्र बनाये गए हैं. जिसमें 20 मुख्यालय में बनाये गए हैं. इसके अलावा बिरौल में तीन और बेनीपुर 2 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं. अंतरस्रातक 2017 के परीक्षा में कुल 38 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे. इसके लिए सेक्टर जोनल मजिस्ट्रेट समेत सभी केन्द्रों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. दरभंगा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी के द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि परीक्षा समिति के निर्देशानुसार परीक्षा केन्द्र परिसर में मिडियाकर्मी का प्रवेश पूर्णत: वर्जित रहेगा. मीडियाकर्मी परीक्षा केन्द्र के बाहर ही रहेंगे. इसको लेकर जिले के कई पत्रकारों में रोष देखा गया. उनका कहना था कि जब न्यूज कबरेज होगा ही नहीं तो सच्चाई का पता कैसे चलेगा. सनद रहे कि बिहार में मैट्रिक की परीक्षा के दौरान खुलेआम चोरी किए जाने का मामला मीडिया की सुर्खियों में आया था और इसे लेकर पूरे भारत में बिहार की शिक्षा व्यवस्था की किरकिरी हुई थी. संभवत: सरकार और प्रशासन मीडिया को इस लिए दूर रखना चाहता है कि व्यवस्था की त्रुटियों को लोगों के सामने नहीं आने दिया जाए. इंटरमिडियट के परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड में भारी गड़बड़ी तथा बहुत से छात्रों के एडमिट कार्ड से वंचित रह जाने का मामला फिलहाल तूल पकड़ ही रहा था. ऐसे में पत्रकारों के लिए भी यह चुनौती है कि प्रतिबंधित होने के बावजूद भी वह स्वच्छ पत्रकारिता को कैसे जीवंतता प्रदान करते हैं.

