
एडमिट कार्ड से वंचित छात्रों ने किया तोड़फोड़ एवं हंगामा। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बहेड़ा महाविद्यालय के एडमिट कार्ड से वंचित इंटर के 23 छात्रों ने मंगलवार को कॉलेज में जमकर तोड़फोड़ की। आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज के कर्मियों को खदेड़ दिया व कॉलेज के मुख्यद्वार में तालाबंदी कर दी। प्रधानाचार्य को जान से मार देने संबंधित धमकी भरा पत्र लिखकर मुख्यद्वारा पर चिपका दिया। बताया जाता है कि एडमिट कार्ड से वंचित छात्र सुबह 7 बजे कॉलेज प्रांगण में जुट गए। जब कॉलेज कर्मी अपने अपने कार्यालय कक्ष गए तो छात्रों ने उनसे एडमिड कार्ड की मांग की। कर्मियों द्वारा यह कहने पर कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति पटना से उनलोगों का एडमिट कार्ड अभी तक नहीं आया है। इसके बाद छात्र उग्र हो गए। छात्रों ने पहले प्राचार्य कक्ष के समीप लगी टेबल व कुर्सियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद कॉलेज प्रांगण में घूम घूमकर कई टेबल एवं बेंचों को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही एक जेनरेटर मशीन को भी उलट दिया। आक्रोशित छात्रों का कहना था कि महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा परीक्षा देने के लिए उनलोगों से ऑनलाइन फॉर्म भरवाया था। कहा गया था कि परीक्षा से पहले हर हाल में उनलोगों को एडमिट कार्ड मिल जाएगा। सोमवार तक प्रधानाचार्य द्वारा एडमिट कार्ड देने का आश्वासन उनलोगों को दिया जाता रहा। मंगलवार को जब वे लोग एडमिट कार्ड लेने आए तो महाविद्यालय के प्रधानाचार्य अपने कार्यालय कक्ष में ताला लगाकर गायब थे। छात्रों का कहना था कि प्रधानाचार्य ने उनलोगों की जिन्दगी के साथ खिलवाड़ किया है। दूसरी ओर प्रधानाचार्य अमरनाथ राय ने कहा कि वे अभी दरभंगा में हैं। विगत 4 दिनों से 23 छात्रों का एडमिट कार्ड लाने के लिए कॉलेज के कर्मी बिहार विद्यालय परीक्षा समिति पटना में थे। लेकिन परीक्षा समिति द्वारा एडमिट कार्ड नहीं दिया गया। इसमें उनका क्या दोष है।

