
पहले ही दिन दो परीक्षार्थी निष्कासित, वीक्षकों पर भी गिरी गाज। Voice of Darbhanga

दरभंगा: कड़ी प्रशासनिक चौकसी व सुरक्षा इंतजाम के बीच इंटरमीडिएट की परीक्षा मंगलवार को जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हुई। जिला दंडाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सत्यवीर सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में सीएम साइंस कॉलेज केंद्राधीक्षक सह प्राचार्य अरविंद कुमार झा को परीक्षा के संचालन के प्रति उदासीनता, परीक्षा कार्यों में दिलचस्पी नहीं लेने के साथ ही परीक्षा की तैयारियों को लेकर हुई जिलास्तरीय समीक्षात्मक बैठकों से लगातार अनुपस्थित रहने के कारण केंद्राधीक्षक पद से हटाने का आदेश जिलाधिकारी ने दिया। उनसे इस संबंध में स्पष्टीकरण भी पूछा गया है। इसी परीक्षा केंद्र पर मोबाइल रखने के कारण दोषी पाए जाने वाले वीक्षक प्रतिभा चौधरी, शिक्षिका, उच्च विद्यालय, नेहरा को भी तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश दिया गया।
वहीं एमआरएम कॉलेज, दरभंगा परीक्षा केंद्र पर वीक्षक के रूप में कार्यरत शिक्षक हरिनंदन झा, उच्च विद्यालय सिंहवाड़ा व कुमारी संगीता, उच्च विद्यालय कोलहंटा, पटोरी, हनुमानगर के पास भी मोबाइल पाया गया। मोबाइल रखने के दोषी होने के कारण दोनों वीक्षकों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया। साथ ही स्पष्टीकरण पूछने एवं आवश्यक कार्रवाई करने का निदेश दिया गया। उधर, जयानंद उच्च विद्यालय बहेड़ा, बेनीपुर में निशा कुमारी एवं अंजली कुमारी को नकल के लिए चिट के साथ पकड़े जाने पर परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया। वहीं प्रथम पाली में जीवविज्ञान के कुल 3921 में 3827 परीक्षार्थी उपस्थित हुए तथा 49 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वाणिज्य के कुल 6972 में 6895 परीक्षार्थी उपस्थित एवं 77 परीक्षार्थी अनुपस्थित हुए।
द्वितीय पाली में दर्शनशास्त्र के कुल परीक्षाथी 531 में 503 परीक्षार्थी उपस्थित हुए एवं 28 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहें। आरबी हिंदी के कुल 76 में 75 परीक्षार्थी उपस्थित व एक परीक्षार्थी अनुपस्थित हुए। वहीं परीक्षा को लेकर समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहा। मिल रही सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई।

