
शराबबंदी-नोटबन्दी के बहाने नितीश और मोदी कर रहे हैं जुगलबंदी: दीपांकर। Voice of Darbhanga

दरभंगा: भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि नोटबंदी और शराबबंदी के नाम पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जुगलबंदी कर नजदीकियां बढ़ा रहे हैं। दोनों को जनता की कोई फिक्र नहीं है। वे तानाशाहों की तरह फरमान जारी कर रहे हैं।
दरभंगा के पोलो मैदान में अधिकार यात्रा को संबोधित करते हुए दीपांकर भट्टाचार्य ने केंद्र सरकार और बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा। भाकपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नोटबंदी और शताब्दी के नाम पर देश की जनता को भरमाने में लगे हैं। वहीँ, नीतीश कुमार अपने सात निश्चय को लेकर बिहार की जनता को भरमाने का काम कर रहे हैं।
जहाँ देश में नोटबंदी से लोगों का रोजगार छीन गया, वहीँ, बिहार में शिक्षा, रोजगार व भूमि सुधार की आवश्यकता है। लेकिन प्रधानमंत्री को देश की चिंता नहीं, वहीं नीतीश कुमार को बिहार की चिंता नहीं। दोनों साथ जुगलबंदी में व्यस्त हैं, जिससे लगता है कि दोनों ही एक दुसरे के पास आने की कोशिश कर रहे हैं।
सभा को माले के पोलित ब्यूरो सदस्य धीरेन्द्र झा, ऐपवा की राष्ट्रीय महासचिव मीना तिवारी, खेग्रामस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद रामेश्वर प्रसाद, माले जिला सचिव बैद्यनाथ यादव, लक्ष्मी पासवान, इंसाफ मंच के नेयाज अहमद आदि ने भी संबोधित किया। सभा का संचालन माले के राज्य कमिटी के सदस्य सह बहादुरपुर प्रखंड सचिव अभिषेक कुमार ने किया।

