
बंद घर में चोरो ने किया हाथ साफ, पुलिस को कारवाई केलिए आवेदन का इंतज़ार। Voice of Darbhanga

कमतौल: कमतौल थाना क्षेत्र के पिंडारुछ गांव में बीते 15 फरवरी की देर रात एक बन्द घर को चोरों द्वारा निशाना बनाकर सामान चोरी कर ले जाने का मामला प्रकाश में आया है. गृहस्वामी की पहचान संस्कृत कॉलेज से सेवानिवृत प्राध्यापक श्रीपति झा उर्फ बच्चू झा के रूप में किया गया है. पूर्व सरपंच शिवकांत झा ने बन्द घर का ताला तोड़कर लाखों रुपए मूल्य के सामान की चोरी की घटना होने की पुष्टि करते हुये बताया कि ग्रामीणों को चोरी की घटना की जानकारी 16 फरवरी को मिली. अहले सुबह जब पड़ोसियों ने मकान का मुख्य द्वार खुला देखा तो श्री झा की खोज खबर लेने उनके घर तक पहुंचे. ताला बाहर गिरा हुआ देख लोग भौंचक रह गए. दूरभाष पर संपर्क करने पर गृहस्वामी ने दिल्ली में होने की जानकारी दी. तब लोग अंदर गए. मुख्य द्वार के भीतर सभी आठ कमरों का ताला टुटा हुआ और सामान बिखरा पाया गया. इसके बाद लोगों ने गृहस्वामी को घर में भीषण चोरी होने की जानकारी दी. लोगों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही गृहस्वामी के पुत्र दिल्ली से चल चुके हैं. उसके बाद ही कौन-कौन सामान और कितने मूल्य की चोरी हुई है, उसका पता चलेगा. परंतु बिखरे सामान को देखने के बाद लोग लाखों की चोरी का कयास लगा रहे हैं. इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष राजकुमार राय ने बताया कि आवेदन नहीं प्राप्त हुआ है. आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.

