
बहादुरपुर में बिजली का उत्सव: चार गांवों में गूंजा 125 यूनिट मुफ्त योजना का संदेश।
दरभंगा: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के तहत प्रतिमाह 125 यूनिट तक निःशुल्क बिजली देने की घोषणा के क्रम में प्रदेश के उपभोक्ताओं से संवाद किया। राजधानी के मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दरभंगा जिले के बहादुरपुर प्रखंड के बसतपुर, देकुली, तारालाही और ओझाल में बड़े परदे पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में उपभोक्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्युत कार्यपालक अभियंता (EEE) केशव कुमार, सहायक अभियंता (AEE) सुजीत कुमार, कनिष्ठ अभियंता (JEE) गौरव कुमार और जेएलएम रोहित सिंह की टीम पूरी तरह सक्रिय रही और सभी चार स्थलों पर बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया।

जिला प्रशासन के अनुसार, दरभंगा में कुल 7,38,527 उपभोक्ता हैं, जिनमें 6,67,000 घरेलू उपभोक्ता हैं। जुलाई 2025 में इनमें से 5,52,543 उपभोक्ताओं को शून्य विद्युत बिल मिला। मुख्यमंत्री ने ऐसे 14 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से बिजली बिल सौंपा।

इस दौरान कार्यपालक अभियंता केशव कुमार ने कहा कि पिछले 15-20 वर्षों में बिजली आपूर्ति में ऐतिहासिक सुधार हुआ है। आज शहरी क्षेत्रों में 23 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 22-23 घंटे निर्बाध बिजली मिल रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं को अतिरिक्त बचत का सदुपयोग करने और सौर ऊर्जा को अपनाने की अपील की।

कनीय विद्युत अभियंता गौरव कुमार ने बताया कि जिले में बिजली की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति गुणवत्तापूर्ण है। धन्यवाद ज्ञापन विद्युत कार्यपालक अभियंता केशव कुमार ने किया।

बहादुरपुर के चारों स्थानों पर उपभोक्ताओं ने बड़े उत्साह से मुख्यमंत्री का संबोधन सुना और योजना के लिए बिहार सरकार को धन्यवाद दिया।

