
बिहार राज्य कर्मचारी महासंघ का नौवा द्विवार्षिक सम्मेलन प्रारंभ। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बिहार सरकार के मंत्री डॉ. मदन मोहन झा ने आज यहां कहा कि स्वास्थ कर्मचारियों का वाजिब हक उन्हें मिलेगा. उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार कर्मचारी की समस्याओं को लेकर तत्पर है और कई केबिनेट बैठक में भी कर्मचारी के हित में कई निर्णय लिए गए है. मंत्री श्री झा आज दरभंगा चिकित्सा महाविद्यालय के प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के सात निश्चयों में लोगों के हितकारी योजनाओं को शामिल किया गया है. इससे राज्य की सूरत बदलेगी. सनद रहे कि बिहार राज्य कर्मचारी महासंघ का 9वां द्विवार्षिक राज्य सम्मेलन का आयोजन किया गया है. इस मौके पर बिहार राज्य पारा मेडिकल कर्मचारी एसोशिएशन, बिहार राज्य परिचायिका समन्वय समिति आदि ने शिरकत की. इस मौके पर मंत्री मदन सहनी ने कहा कि डीएमसीएच में मरीजों की सुविधाओं के लिए राज्य सरकार सदैव चिंतित रही है. उन्होंने कहा कि बहुत ही जल्द शल्य चिकित्सा भवन का नया स्वरूप सामने आयेगा. वहीं बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता प्रेम कुमार ने कहा कि विपक्षी प्रतिनिधी के रूप में मेरा दायित्व है कि मैं राज्य के आम लोगों की बात को सदन में रखकर सरकार का ध्यान आकृष्ट करूं. उन्होंने आस्वस्थ किया कि स्वास्थ कर्मचारियों की मांगों को बिहार विधानसभा की पटल पर उठाया जायेगा. वहीं विधायक संजय सरावगी ने कहा कि डीएमसीएच की स्थिति बहुत खराब है. विपक्ष भी सरकार का ही अंग होता है. क्योंकि विपक्ष सरकार को आईना दिखाता है. वहीं महासंघ के राज्याध्यक्ष अनिल कुमार सिन्हा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अपने प्रारंभिक भाषण में कहा कि राज्य सरकार के कर्मचारी कार्य योजना को मूर्तरूप देते हैं. परंतु उनका वाजिब हक भी नहीं मिलता है. उन्होंने कहा कि यदि सरकार ऐसी नीति बनावे कि समय के साथ प्रोन्नति सहित सेवा अवधि का लाभ कर्मचारियों को आसानी से मिल जाये, तो सरकार व कर्मचारी को न्यायालयों से मुक्ति मिल सकती है. इस मौके पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार मिश्र, डॉ. सूरज नायक, डॉ. अजीत कुमार चौधरी, मणिकांत झा, अमलेन्दु शेखर पाठक आदि ने विचार रखे.

