Home मुख्य जिला परिषद की बैठक में समितियों के गठन पर लगी मुहर। Voice of Darbhanga
मुख्य - March 7, 2017

जिला परिषद की बैठक में समितियों के गठन पर लगी मुहर। Voice of Darbhanga

IMG_20170308_052001

दरभंगा: जिला परिषद की सातों स्थायी समितियों का गठन मंगलवार को आहुत विशेष बैठक में सर्वसम्मति से संपन्न हो गया। शिक्षा समिति के अध्यक्ष अबुल खैर, लोक स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष राम कुमार झा बबलू, कृषि उत्पादन समिति के अध्यक्ष फरहाना खातून और लोक निर्माण समिति के अध्यक्ष पूर्व जिला परिषद राम कुमार यादव को चुन लिया गया। जिला परिषद अध्यक्ष गीता देवी की अध्यक्षता और मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी विवेकानंद झा के संचालन में हुई बैठक में ग्राम सभा, पंचायत, पंचायत समितियों से पारित वित्तीय वर्ष 2017-18 के मनरेगा के तहत वार्षिक श्रम बजट का अनुमोदन किया गया। विशेष बैठक होने के कारण सदस्यों को पूर्व निर्धारित मुद्दों से इतर प्रश्न पूछने का अवसर दिये बिना स्थायी समितियों के गठन का मुद्दा बैठक में छाया रहा। जिला परिषद अध्यक्ष गीता देवी की अध्यक्षता में सामान्य स्थायी समिति तथा वित्त एवं अंकेक्षण समितियों का गठन किया गया। जिला परिषद अध्यक्ष दोनों समितियों के पदेन अध्यक्ष होते है। लेकिन सदस्यों के चुनाव का प्रावधान है। इसी आलोक में दोनों समितियों के सदस्यों का चुनाव होना था जिसके लिए अध्यक्ष को अधिकृत कर दिया गया। सामाजिक न्याय समिति का गठन उपाध्यक्ष ललिता झा की अध्यक्षता में करते हुए सदस्यों के चयन का दायित्व भी उन्हें सौंप दिया गया। लेकिन लोक स्वास्थ्य तथा शिक्षा समिति के सदस्यों का चयन मामूली वाद विवाद के बाद संभव हो सका। पंचम वित्त आयोग पद से मिले साढे पांच करोड़ रुपये से नल, जल आपूर्ति योजना को सदस्यों ने पारित किया। हालांकि इस में यह भी प्रावधान किया गया कि कोई पार्षद यदि दूसरी योजना का प्रस्ताव देते है तो उनकी योजना के चयन पर भी विचार किया जाएगा। बैठक में पार्षद माधव झा ने मनरेगा श्रम बजट पर हुए वाद में कहा कि जब जिला पार्षद की इसमें कोई भूमिका ही नही है तब हमें इस मामले में मोहरा क्यों बनाया जाता है। शमीउल्लाह ने कहा कि पहले मनरेगा के तहत जिला परिषद से भी योजनाएं स्वीकृत की जाती थी लेकिन अब सदन को पंगू बना दिया गया है। बैठक में भोला सहनी जिला परिषद अध्यक्ष आवास उपाध्यक्ष कक्ष तथा जिला परिषद सभागार में पुनरुद्धार का प्रस्ताव रखा जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में मालती देवी ने अतिक्रमण का मुद्दा उठाया लेकिन उन्हें डीडीसी ने बोलने से रोक दिया। वाद विवाद में शीला देवी, गीता देवी, गौड़ी देवी, रामशंकर पासवान, मो. सिराजुद्दीन, नबी हसन, सुजीत पासवान, रिंकी देवी आदि ने भी विचार रखे।

 

शिक्षा समिति ने यह हैं सदस्य:

अबुल खैर अध्यक्ष, सुशीला देवी, साधना भारती, ओम प्रकाश ठाकुर, राम शंकर झा को बतौर सदस्य चुना गया। सदन से बाहर के लोगों में शमशाद रिजवी और अंजनी निषाद को भी सदस्य के रूप में शिक्षा समिति में शामिल किया गया है।

 

कांग्रेस के हवाले स्वास्थ्य समिति:

लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण एवं ग्रामीण स्वच्छता समिति का अध्यक्ष दरभंगा लोक सभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष राम कुमार झा बबलू बनाए गए है। गीता देवी, मालती देवी, नवी हसन एवं गंगा पासवान को सदस्य बनाया गया है। अशोक नायक और मो. हकीकुल को बतौर सदस्य समिति में नामित किया गया।

Share

Leave a Reply