
महिलाओं को अधिकार के प्रति जागरूक होने की जरूरत। Voice of Darbhanga

दरभंगा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बुधवार को महिला हेल्पलाइन, विशेष महिला प्रकोष्ठ व मानवाधिकार इमर्जेंसी हेल्पलाइन एसोसिएशन की ओर से समाहरणालय के सभागार में संगोष्ठी हुई। इसे संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि वरीय पुलिस अधीक्षक सत्यवीर सिंह ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकार के प्रति जागरूक होना होगा। पुलिस प्रशासन महिलाओं के प्रति होने वाले उत्पीड़न पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने को प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों के माध्यम से महिलाओं में जागरूकता लाना बेहतर प्रयास है। मौके पर महिला हेल्पलाइन की परियोजना प्रबंधक सह महिला संरक्षण पदाधिकारी अजमतुन निशा ने अतिथियों का स्वागत किया। साथ ही महिला हेल्पलाइन के कार्यकलापों की विस्तृत जानकारी दी। विशेष महिला प्रकोष्ठ के सुनील कुमार ने प्रकोष्ठ के बारे में जानकारी देते हुए महिलाओं के अधिकार, घरेलू हिंसा अधिनियम 2005, बाल विवाह एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पर प्रकाश डाला। मानवाधिकार इमर्जेंसी हेल्पलाइन एसोसिएशन के जिला महासचिव सुरेंद्र भगत ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाने के कारण एवं महिलाओं के कानूनी अधिकारों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में जिप अध्यक्ष गीता देवी, वरीय उप समाहर्ता सह विशेष कार्य पदाधिकारी रवींद्र कुमार दिवाकर, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार समेत बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला जन प्रतिनिधि, महिला अधिवक्ता, चाइल्ड लाइन केंद्र समन्वयक अराधना कुमारी व अन्य सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभा का संचालन चाइल्ड लाइन के मनोहर कुमार झा ने किया।

