
सात निश्चय पर डीएम ने लगाई अफसरों की क्लास। Voice of Darbhanga

दरभंगा। जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने सात निश्चय के तहत गठित वार्ड समितियों का खाता नहीं खोले जाने पर असंतोष जताया है। साथ सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को इसमें तेजी लाने का आदेश दिया। शनिवार को समाहरणालय के सभागार में जिला समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने विभिन्न योजनाओं व विभागों के कार्यों की समीक्षा की। सरकार के सात निश्चय के अंतर्गत प्रखंडों में गठित वार्ड विकास समिति के खाता खुलवाने के स्थिति की समीक्षा की गई। जिन प्रखंडों में निर्धारित संख्या में वार्ड विकास समिति का गठन व बैंक खाता नहीं खुलवाया जा सका है, वहां निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वार्ड विकास समिति का गठन व बैंक खाता अविलंब खुलवाने का आदेश दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रखंड से कम से कम एक वार्ड का चयन कर सात निश्चय के तहत योजनाओं की शुरूआत करने का निर्देश दिया। इसके लिए 15 मार्च तक प्राकक्लन बनाकर जिला स्तर पर भेजने की हिदायत दी। बताया गया कि इसके लिए आवश्यक राशि वार्ड विकास समिति को हस्तांतरित कर दी जाएगी। प्रखंडों में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। वहीं आरटीपीएस के कार्यकलापों की समीक्षा की गई। आरटीपीएस की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने आरटीपीएस काउंटर की मरम्मत करवाने का आदेश दिया। साथ ही आधारभूत उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। विशेष रूप से दाखिल-खारिज, शुद्धि-पत्र, एलपीसी के अपलोड करने की स्थिति असंतोषजनक पाई गई। इस पर डीएम ने सख्ती के साथ ससमय शुद्धि-पत्र अपलोड करने का निर्देश दिया। लोक शिकायत निवारण कार्यालय से प्राप्त पत्रों को ससमय डाउनलोड कर पत्र की प्रति संबंधित पदाधिकारी को भेजने का आदेश दिया गया। बैठक में डीआरडीए निदेशक नरेश झा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी शत्रुघ्न कामती, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी जेड हसन, विशेष कार्य पदाधिकारी रवींद्र कुमार दिवाकार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार, जिला स्तरीय पदाधिकारी व प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे।

