
होली के दिन हुए विवाद को लेकर हुई मारपीट में दो गम्भीर रूप से घायल। Voice of Darbhanga

दरभंगा: भालपट्टी ओपी क्षेत्र के नैनाघाट गांव में होली के दिन बच्चों के साथ झगड़े को लेकर बुधवार की शाम कुछ लोगो द्वारा स्थानीय निवासी अब्दुल मन्नान के पुत्र सैदुर रहमान खान उर्फ सोनू सहित तीन लोगो के साथ मारपीट कर घायल कर देने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम सैदुर रहमान नमाज पढ़कर घर लौट रहा था। इसी क्रम में पूर्व से विवाद को लेकर शिवनाथ यादव, गंगा यादव सहित अन्य लोगों ने सैदुर रहमान खान के साथ मारपीट शुरु कर दिया। किसी तरह झगड़े से निकलकर वह अपने घर गया और घर वालों को बताया कि मुझे शिव शंकर यादव एवं गंगा यादव और लोगों द्वारा मारपीट किया गया। इस बाबत सैदुर के चाचा बबलू खान अपने साथ कासिम खान एवं सैदुर रहमान खान को लेकर शिवशंकर यादव के घर गये। घर पहुंचते ही शिव शंकर यादव, गंगा यादव एवं अन्य ने लाठी डंडे से मारपीट शुरु कर दिया जिससे सैदुर रहमान खान उर्फ सोनू का सर फट गया और घटनास्थल पर ही गिर गया। कासिम खान को भी काफी चोट लगी। आनन फानन में घायल को स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए डी एम सी एच रेफर कर दिया। इस बाबत बबलू खान ने शिव शंकर यादव, गंगा यादव सहित 8 नामजद एवं अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध आवेदन दे दिया है। आवेदन में गंगा यादव द्वारा एक एंड्रायड मोबाइल एवं दो हज़ार रुपये भी छीन लेने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में ओपी प्रभारी कृष्ण चंद्र भारती ने बताया अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस काम कर रही है। जल्द ही अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जबकि दूसरे पक्ष से घायल शिवशंकर यादव, राजकुमारी देवी एवं महेश यादव का इलाज डीएमसीएच में चल रहा है। शिवशंकर यादव ने बताया कि होली के झगड़े को लेकर बुधवार की शाम उनके घर में घुसकर मारपीट किया गया।

