
फेसबुक पर हुआ प्यार तो छोड़ दिया घरबार और रचा ली शादी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: अपहरण के करीब नौ माह पुराने एक मामले का बुधवार को पटाक्षेप हो गया। नई कहानी सामने आई। फेसबुक पर पहले दोस्ती हुई। फिर प्यार परवान चढ़ा तो युवती बहादुरपुर थाना क्षेत्र के गंगापट्टी गांव से भाग कर मुबंई पहुंच गई।
इस बीच परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करा दी। खोज में पुलिस परेशान रही। न तो उसके पास मोबाइल था और न ही किसी दोस्त व रिश्तेदार से बात कर रही थी। 22 जून 2016 से अब तक मामला पुलिस के लिए पहेली बना रहा।
बुधवार को जब पति के साथ पुलिस के पास पहुंची तो सब कुछ साफ हो गया। दोनों परिवारों के लोग भी थे। एएसपी दिलनवाज अहमद के समक्ष नवदंपती ने प्रेम कहानी सुनाई तो सभी चौंक गए। फेसबुक से शुरू हुई प्रेम कहानी में युवती ने परिवार छोड़ दिया।
बताया कि किसी बात को लेकर माता-पिता से लड़ाई हो गई। नाराज होकर मुंबई पहुंच गई। हालांकि, युवती ने यह भी कहा कि सफर में एक युवक मिला। उसने मदद की और अपने घर ले गया। उत्तराखंड का रहने वाला युवक नीरज जोशी बेगलुरू के एक होटल में प्रबंधक है।
दोनों में प्यार हो गया। राजामंदी से शादी कर ली। फिर भी परिवार की याद सताती रहती थी। दोनों ने दरभंगा आने का निर्णय लिया। एएसपी के सामने सारी बातें कहीं। अब दोनों का कोर्ट में बयान दर्ज होगा।

