
जमीनी विवाद में दिन दहाड़े बीच बाज़ार युवक को जिन्दा जलाने का प्रयास। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिला से लेकर प्रमंडलीय मुख्यालय तक से महज कुछ सौ गज की दूरी पर अतिव्यस्त माने जाने वाले लहेरियासराय थानांतर्गत स्वीट होम चौराहा पर आज दिन दहाड़े दिन के करीब एक बजे एक पुराने जमीनी विवाद में एक व्यक्ति को सरेआम पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दिया गया। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पहुँच कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
प्रत्यक्षदर्शी सूत्रों के अनुसार दिन के करीब एक बजे मोटरसाइकिल से जा रहे बहादुरपुर थानाक्षेत्र के कबिलपुर निवासी किशुन कुमार चौधरी के पुत्र मनोज चौधरी के साथ गुप्ता स्वीट्स दुकान के मालिक कैलाश प्रसाद गुप्ता एवं उनके पुत्रो द्वारा जमकर मारपीट की गयी। मारपीट कर घायल करने के बाद प्रवीण गुप्ता द्वारा देखते ही देखते कोल्ड ड्रिंक के बोतल में रखा पेट्रोल छिड़क कर माचिस से आग लगा दिया गया। स्थानीय लोगो ने तत्काल पानी डाल कर आग बुझाया और तुरंत डीएमसीएच इलाज़ के लिए भेजा। घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर कुंदन कुमार सिंह के नेतृत्व में सबसे पहले पहुँची पुलिस टीम ने तत्काल सभी आरोपियों को पकड़ कर जीप में बैठाया और लेकर थाने चले गए। भारी भीड़ के कारण यातायात बाधित हो गया जिसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल तथा सदर अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी दिलनवाज अहमद भी घटनास्थल पर पहुँचे।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार करीब बारह वर्षों से गुप्ता स्वीट्स के बगल में ही राघव मेडिकल हॉल की दुकान को लेकर विवाद चलता आ रहा था जिसको लेकर दोनों पक्षो में पहले भी झड़प हो चुकी थी। फ़िलहाल मामला न्यायालय में चल रहा है। पर दोनों पक्ष उसपर अपना हक बताते हैं। 
इस घटना के बाद स्थिति पूरी तरह तनावपूर्ण बनी हुई है और हर तरफ चर्चा का विषय है कि जब इतने व्यस्तम और पुलिस प्रशासन के तमाम आलाधिकारियों के बगल में अपराधी ऐसा दुस्साहस कर सकते हैं तो अन्य जगहों का क्या हाल होगा।

