
एटीएम से फर्जी निकासी के शक में युवक को किया पुलिस के हवाले। Voice of Darbhanga

बेनीपुर: भारतीय स्टेट बैंक की बेनीपुर शाखा के एटीएम से फर्जी निकासी के आरोप मे स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने गिरफ्तार युवक के पास से 99290 रुपये 4 एटीएम कार्ड, 1चेक बुक, एक मोबाइल एवं एक डायरी बरामद की है। थाना अध्यक्ष कमाल अख्तर ने बताया कि बेनीपुर रघुनन्दनपुर विद्यालय की शिक्षिका रेणु देवी स्टेट बैंक एटीएम से रुपया निकालने गयी लेकिन मशीन प्रक्रिया पुरा किये जाने के बावजूद निकासी नही हो सकी। लेकिन उसके पीछे खड़े उक्त युवक ने बाद मे उनके खाते से सात हजार पाँच सौ रुपया निकासी कर लिया जिसका संदेश रेणु देवी के मोबाइल पर मिलते ही उन्होंने हंगामा मचाया। स्थानीय लोगों ने उक्त महिला के पहचान पर झंझारपुर थाना के लखनौर निवासी भवेश ठाकुर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। थाना मे उक्त युवक से पुछताछ जारी है। वहीँ आरोपी युवक ने पुछताछ में महिला द्वारा एटीएम का व्यवहार ठीक से नही किये जाने के कारण रुपया देर से निकलने और तब तक महिला द्वारा कक्ष से बाहर हो जाने की बात बताया। वह जब अंदर गये तो पैसा निकला। पुलिस मामले की सत्यता जांचने में लगी है।

