
पेट्रोल काण्ड: भाजपा ने प्रशासन की सद्बुद्धि केलिए किया हवन, डीएसपी ने कही स्पीडी ट्रायल की बात। Voice of Darbhanga

दरभंगा: गुप्ता स्वीट्स के मालिक एवं उसके पुत्रो द्वारा कबिलपुर निवासी मनोज चौधरी को दिनदहाड़े बीच बाजार पेट्रोल छिड़क कर आग लगा देने और जिले में बढ़ते अपराध के विरोध में आज भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिलाध्यक्ष हरी सहनी की अध्यक्षता में जिला प्रशासन के सद्बुद्धि केलिए हवन का आयोजन किया। यह हवन दिन के तीन बजे लहेरियासराय चट्टी चौक दुर्गामंदिर के सामने किया गया।
जिलाध्यक्ष हरी सहनी ने हवन के बाद बताया कि जिले में ख़ासकर लहेरियासराय थानाक्षेत्र में अपराध का ग्राफ काफी तेजी से बढ़ा है। मनोज चौधरी के साथ हुई घटना भी जघन्य अपराध है। वरीय पुलिस अधीक्षक सारी बातों से अवगत हैं फिर भी अभी तक लहेरियासराय थानाध्यक्ष को बर्खास्त नही किया गया है।
जिलामंत्री अशोक नायक ने कहा कि इस तरह के घटना का स्पीडी ट्रायल चला कर जल्द से जल्द अपराधियों को कठोरतम सजा मिले। तभी कानून का डर अपराधियो में रहेगा।
इस हवन यज्ञ में मीडिया प्रभारी अमलेश झा, मुरारी मोहन झा, दिलीप झा, संतोष पासवान, मुकुंद चौधरी आदि समेत दर्जनों लोग शामिल थे।
पुलिस के कार्य पर लगातार लग रहे आरोपो और लहेरियासराय थानाध्यक्ष पर उठ रहे सवाल पर जब सदर डीएसपी दिलनवाज अहमद से बात की गयी तो उन्होंने कहा कि अपराध पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस पूरी तत्परता से अपना काम कर रही है। अब कोई घटना अचानक घटित हो गयी तो उसे रोका नही जा सकता। पर इस मामले में भी पुलिस ने तत्परता से सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया और विधिसम्मत कारवाई कर रही है। विधिसम्मत कारवाई करके इस मामले का स्पीडी ट्रायल भी करवाया जाएगा।

