
ऐतिहासिक अहिल्यास्थान के विकास केलिए हर संभव मदद करेगी सरकार: मंत्री। Voice of Darbhanga
दरभंगा: बिहार के भूमि सुधार व राजस्व मंत्री डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि ऐतिहासिक, पौराणिक व धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण अहल्यास्थान के विकास के लिए राज्य सरकार हरसंभव मदद करेगी। आपसी प्रतिस्पर्धा को भूल कर सभी राजनीतिक दलों व सामाजिक क्षेत्रों के लोग एकजुट होकर काम करें तो हर हाल में क्षेत्र का विकास होगा। वे मंगलवार को यहां रामनवमी मेला के उद्घाटन जाले के विधायक जिबेश कुमार के साथ संयुक्त रूप से करने के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अहिल्यास्थान को पर्यटन के दृष्टिकोण से बढ़ावा देने की अपार संभावनाएं हैं। वे इस दिशा पहल करेंगे। मंत्री ने अहियारी उत्तरी पंचायत के खुले में शौच से मुक्त घोषित होने पर प्रसन्नता जाहिर की। ऐसी रिपोर्ट हर हाल में जिले के माध्यम से मुख्यमंत्री के पास पहुंचती है। ऐसी पंचायत के मुखिया को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पंचायत के विकास के लिये विशेष योजना देते हैं। मौके पर मौजूद अहल्यास्थान न्यास समिति के मुख्य संरक्षक सह वर्तमान अध्यक्ष डॉ. कवीश्वर ठाकुर, सदस्य डॉ. जय शंकर झा ,डीडीसी विवेकानंद झा,बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्षा निशा झा ,जिला शिक्षा पदाधिकारी सुधीर कुमार झा,जाले के पूर्व विधायक ऋषि मिश्रा,वर्तमान विधायक जीवेश कुमार,जाले प्रखंड प्रमुख फूलो वैठा आदि ने अहिल्यास्थान की महत्ता पर प्रकाश डाला। समारोह की अध्यक्षता न्यास समिति के अध्यक्ष डॉ. कवीश्वर ठाकुर ने किया व संचालन मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पंडित कमला कांत झा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन अहियारी उत्तरी पंचायत के मुखिया सूर्य नारायण शर्मा ने किया।

