
केंद्र के सहयोग से बिहार का विकास आया है पटरी पर: विधायक। Voice of Darbhanga

दरभंगा: मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना से रामपुरा पंचायत स्थित मिश्रौली चंदसार पोखर में घाट निर्माण का शिलान्यास भाजपा विधायक जीवेश कुमार ने किया। मंगलवार को पूर्व मुखिया सुधीर चौधरी की अध्यक्षता व भाजपा प्रखंड महासचिव कैलाश मिश्र के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने कहा केंद्र सरकार के आर्थिक सहयोग व जन कल्याणकारी योजना से बिहार का विकास पटरी पर आ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भारत सरकार की हिस्सेदारी से गांव व शहर में कायाकल्प किया जा रहा है। हर मोर्चे पर विफल बिहार सरकार में अपराध की घटना में वृद्धि होनी शांति प्रिय समाज के लिए चिंता की बात है। मुख्यमंत्री जल नल योजना ग्रामीण क्षेत्र में धरातल पर नहीं है। जनप्रतिनिधियों के अधिकार में कटौती के कारण गांवों का विकास प्रभावित है। अपने विधायक कार्यकाल में जाले विधानसभा में हो रहे कार्य की प्राथमिकता से ग्रामीणों को अवगत कराया गया। मौके पर श्री कुमार ने यूपी, उत्तराखंड, मणिपुर में भाजपा सरकार की उपलब्धि को आमजन के बीच रखने का आह्वान कार्यकर्ताओं से किया। लगभग 6 लाख की प्राक्कलित राशि से निर्माण होने वाले छठ घाट की गुणवत्ता की निगरानी की जिम्मेवारी सभी की है। जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश ठाकुर ने एतिहासिक चंदसार पोखर के सौंदर्यीकरण में विधायक के सहयोग की सराहना की। मंडल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष वरिष्ठ नेता महाकांत मिश्र, रामश्रेष्ठ पासवान, महेंद्र पासवान, पवन मंडल ने आगत अतिथियों को सम्मानित किया। मौके पर एमएलसी प्रतिनिधि विजय चौधरी, उपसरपंच मुन्ना चौबे, पप्पू मिश्र, प्रिय रंजन मिश्र, राजन चौधरी, शिवशंकर साह ने अन्य समस्याओं के निदान की ओर ध्यान खींचा।

