
नो एंट्री में घुसे बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार को मारी ठोकर। Voice of Darbhanga

दरभंगा: दरभंगा शहर में भूमाफियाओं और अपराधियों का ही नही, बल्कि नो एंट्री में बालू गिट्टी भेजने वाले भी बेख़ौफ़ हैं। शहर की यातायात व्यवस्था की दयनीय स्थिति किसी से छिपी नही है। ऊपर से आज रामनवमी को लेकर लगातार कड़ी चौकसी के दावे के बीच लहेरियासराय थाना क्षेत्र के पंडासराय में दिन के करीब साढ़े ग्यारह बजे दिन दहाड़े खुलेआम नो एंट्री में घुसे बालू लदे ट्रैक्टर ने एक बाइक सवार को लगभग कुचल ही दिया था पर किस्मत से जान बच गयी और एक पैर टूट जाने की खबर है। घायल का इलाज़ वहीँ स्थानीय क्लिनिक तत्काल कराये जाने की सूचना है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार लहेरियासराय से पंडासराय की तरफ अपने साइड से जा रहा था। इसी बीच विपरीत दिशा में बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार को ठोकर मार दी। बाइक का आधा हिस्सा ट्रैक्टर के नीचे चला गया। स्थानीय लोगो ने तुरंत बाइक सवार को निकाल कर बगल के एक निजी क्लिनिक में प्राथमिक उपचार करवाया। घटना की सूचना मिलते ही लहेरियासराय थाना की गश्ती टीम का नेतृत्व करते हुए कुंदन सिंह तुरंत घटनास्थल पर पहुँच कर बाइक और ट्रैक्टर को जब्त करके थाने ले गए। स्थानीय लोगो में ट्रैफिक पुलिस पर काफी आक्रोश देखा गया। लोगो का कहना था कि दस-बीस रूपये के खातिर पूरे शहर में नो एंट्री में गाड़ियां घुसती रहती है और इसतरह लोगो के जान से खिलवाड़ होता रहता है। इसे देखने वाला कोई नही है। स्थानीय लोगों ने तो नोएंट्री के उलंघन के कारण होने वाले ऐसी दुर्घटनाओं केलिए यातायात प्रभारी पर मुकदमा दर्ज होने तक की मांग भी रखी।

