Home मुख्य टीकाकरण नही होने से नाराज ग्रामीणों ने किया प्लस पोलियो अभियान का विरोध। Voice of Darbhanga
मुख्य - April 6, 2017

टीकाकरण नही होने से नाराज ग्रामीणों ने किया प्लस पोलियो अभियान का विरोध। Voice of Darbhanga

 

IMG_20170406_111158

दरभंगा: जिले के बहादुरपुर प्रखण्ड अंतर्गत प्रेमजीवर पंचायत में पोलियो की खुराक पिलाने का ग्रामीणों द्वारा विरोध का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचायत के बांकीपुर में फ़ैयाज़ आलम, मंसूर आलम सहित पांच घरों में, पुरखोपट्टी में सैफ इमाम आज़ाद, रामवृक्ष दास, राजेश दास, रामविलास दास, रामा दास, मंगल दास सहित करीब दस घरों तथा जीवर में कमल यादव तथा उनके आसपास के करीब दस घरों में लोगो ने एएनएम को बच्चों को पोलियो की खुराक नही पिलाने दिया। खबर की सूचना मिलने पर पहुंची वॉइस ऑफ़ दरभंगा की टीम ने स्थानीय लोगो से बात की तो लोगो का कहना था कि उनके पंचायत में कभी टीकाकरण किया नही जाता तो सिर्फ पोलियो की खुराक पिला कर क्या फायदा! कुछ लोगों ने बताया कि एएनएम खानापूर्ति के नाम और महीने में दो चार बच्चों का टीकारण कर लेती हैं और रिपोर्ट पुरे पंचायत का कर देती हैं। इस बाबत जब प्रोजेक्ट के एसएमओ से फ़ोन पर बात की गयी तो उन्होंने कहा कि अगर ऐसी बात है तो यह गम्भीर मामला है, इसकी जांच की जायेगी। महीने में एकबार तो नियमित रूप से टीकाकरण होना चाहिए।

पूरे मामले पर पंचायत के मुखिया जिशान फारुकी से बात की गयी तो उन्होंने बताया कि उनके संज्ञान में भी इस तरह की बातें आयी हैं। पर वे लोगो से अपील करते हैं कि बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलायें। यह बच्चों के स्वास्थ का मामला है। पर यदि लोगों की कोई शिकायत सामने आ रही है तो वरीय अधिकारियों को भी इस पर त्वरित संज्ञान लेना चाहिए क्योंकि अगर ऐसा हो रहा है तो यह बच्चों के जीवन से खिलवाड़ का मामला है। लोगों को अपनी शिकायत रखने का अधिकार है पर पंचायत के मुखिया होने के नाते वे लोगो से बच्चों को हर हाल में पोलियो की खुराक पिलाने की अपील करते हैं।

Share

Leave a Reply