
हनुमान जयंती पर शहर में जगह जगह निकली शोभायात्रा। Voice of Darbhanga

दरभंगा: हनुमान जयंती को लेकर रविवार को बजरंग दल की ओर से शोभायात्रा निकाली गई। बजरंग दल के जिला संयोजक राजीव प्रकाश मधुकर के नेतृत्व में जयंती के दो दिन पूर्व यात्रा निकली। इसे लेकर सुबह से ही मनोकामना हनुमान मंदिर में लोगों का जुटान होने लगा था। वहां हनुमान जी की वंदना की गई। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा शस्त्रपूजा के बाद यात्रा निकाली गई। मालूम हो कि नगर निगम चुनाव के कारण आचार संहिता एक या दो दिन में लग जाएगी, जिसे देखते हुए दो दिन पूर्व ही शोभा यात्रा निकाल ली गई। शोभा यात्रा मनोकामना मंदिर से निकलकर आयकर चौराहा, दरभंगा रेलवे स्टेशन, दोनार चौक, अल्लपटी बेंता, लहेरियासराय टावर, लोहिया चौक, दारुभट्ठी, नाका नं. 6, नाका नं. 5, मिर्जापुर, दरभंगा टावर होते हुए राज मैदान पहुंची। यात्रा के पहुंचने के बाद प्रसाद बांटा गया व कार्यक्रम की समाप्ति की गई। इस शोभा यात्रा में सैकड़ों की संख्या में मोटरसाइकिल सवार एवं शस्त्र के साथ कार्यकर्ता शामिल थे। यात्रा में विहिप के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महादेव प्रसाद जायसवाल, विभाग संपर्क प्रमुख अविनाश कुमार, नगर विधायक संजय सरावगी, बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक आदित्य नारायण चौधरी मन्ना, पार्षद आशुतोष कुमार, भाजपा के जिला मंत्री अशोक नायक, सुमित कुमार, संत राधेश्याम दास, शंकर सिंह, विकास चौधरी, ज्वाला चंद्र चौधरी, सुशील कुमार गुप्ता, चंदन वर्मा, मुरारी मोहन झा, अमित कुमार, दिनेश राम, चंदन साहनी, मनोज नायक, कृष्णा कुमार, ललन झा समेत आरएसएस, विहिप, बजरंग दल व भाजपा से जुड़े लोग शामिल थे। वहीं रत्नोपट्टी व्यायामशाला, बालूघाट व्यायामशाला, दुर्गा स्थान कादिराबाद व्यायामशाला सहित सभी व्यायामशाला के सैकड़ों लोग अपनी-अपनी ट्राली, शस्त्र एवं झांकी के साथ इस यात्रा में सम्मिलित हुए। यात्रा में सभी मोहल्लों की व्यायामशाला के लोग अपने-अपने घरों से झांकी के स्वरूप में बैंडबाजा के साथ नाचते गाते एवं रामधुन का जयकारा लगाते हुए मनोकामना मंदिर पहुंचे थे। हर लोगों की जुबान से जयश्रीराम के बोल सुनाई पड़ रहे थे। तीन घंटे तक नगर भ्रमण के बाद सभी राज मैदान वापस लौटे। इस अवसर पर समापन भाषण में बजरंग दल के जिला संयोजक राजीव प्रकाश मधुकर ने शोभा यात्रा में शामिल होने वाले सभी मोहल्लों के व्यायामशालाओं के प्रति धन्यवाद प्रकट किया एवं सभी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं एवं प्रशासन को इस यात्रा में सहयोग करने के विशेष रूप से आभार जताया।

