
मोटरसाइकल पर हेलमेट लगा कर निरीक्षण पर निकले बीडीओ साहब तो सामने आया जमीनी हकीकत। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिले में चल रही योजनाओं की शिकायत मिलने पर लाव लश्कर के साथ तो अक्सर पदाधिकारियों के निरीक्षण पर निकलने की खबर आती है। पर सोमवार को सदर प्रखंड के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी गंगा सागर सिंह ने कुछ अलग ही अंदाज में निरीक्षण कर सबको चौंका दिया। सुबह सात बजे अपनी बाइक पर हेलमेट लगा कर बिना तामझाम के प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों से मिलने निकल पड़े। सदर बीडियो श्री सिंह ने बिना किसी को पूर्व में सूचना दिए हुए सदर प्रखंड के लोआम, बलहा, मुरिया, सोनकी खुटवारा, दुलारपुर, छोटाईपट्टी, अदलपुर पंचायत का औचक निरिक्षण कर सही लाभार्थी को योजना का लाभ मिल रहा है कि नहीं इनका पता किया। निरीक्षण के दौरान कहीं यदि योजना में कमी दिखी तो लाभुकों को उचित दिशा निर्देश भी दिये। लोगों द्वारा इस प्रकार के कदम की काफी सराहना की गयी। स्थानीय लोगो ने कहा कि इस तरह से मिलने से जनता का विश्वास पदाधिकारी एवं व्यवस्था पर बढ़ता है और सीधा संवाद से निश्चित रूप से भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगा।
वॉइस ऑफ़ दरभंगा से बात करते हुए श्री सिंह ने बताया कि यह उनके लिए सामान्य निरीक्षण था और जमीनी हकीकत का पता चला। मोटरसाईकल से वे गली मोहल्ले तक भी आसानी से पहुँच सके। जीप से जाकर इतने जगह आसानी से निरीक्षण नही होता।
श्री सिंह का कदम चर्चा का विषय बना रहा और इसे एक आदर्श कदम के रूप में देखा जा रहा है।


