
गौरक्षा के लिए गोशाला को भी पूर्ण सुदृढ़ करे सरकार: अर्जुन सहनी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: दरभंगा में गोशाला की स्थिति जीर्णशीर्ण हो गयी है और किसी दुर्घटना में घायल हो जाने वाले गायों केलिए कोई व्यवस्था नही होने की बात आज सामने आयी है। इस पर विधान पार्षद अर्जुन सहनी ने भी गोशाला को पूर्ण रूप से सुदृढ़ करने की मांग सरकर से की है। रामनवमी के शाम एक गाय दरभंगा जंक्शन के पास जानकी एक्सप्रेस से धक्का लगने से बुरी तरह घायल हो गयी थी। आरएसएस के इंद्रभवन शाखा से जुड़े लक्ष्मीसागर छपकी निवासी सूरज कुमार चौधरी की नजर जब पड़ी तो पहल करके लोगों को जुटाया और गाय को बाँस बल्ले के सहारे लक्ष्मीसागर ओवरब्रिज के निकट रेलवे क्वाटर के पास रखा गया। फिर पशु चिकित्सा केंद्र के चिकित्सक चंद्र कुमार झा के साथ दो अन्य चिकित्सकों से संपर्क कर सूरज चौधरी एवं कबीरचक निवासी विजय सहनी ने गाय का इलाज करवाया। युवकों ने बताया कि गाय के इलाज़ में डॉक्टरों से संपर्क करने एवं दवा दिलवाने में रेलवे के इंजीनियर तपस रॉय ने बहुत अहम मदद की। गाय का पिछला पैर ऑपरेशन करके काटा गया। फिर लगातार डॉक्टर की निगरानी एवं निशुल्क दवाओं के माध्यम से इलाज चल रहा है। सूरज चौधरी एवं विजय सहनी दिनरात अपने युवा साथियों के साथ ड्रेसिंग आदि करते हैं एवं खाने पीने की व्यवस्था स्थानीय लोगो की मदद से करते हैं।
सूरज चौधरी ने बताया कि गौरक्षा पर बड़े बड़े बयान आ रहे हैं। पर कोई प्रतिनिधि अभी तक झांकने भी नही आये हैं। गोशाला से संपर्क किया गया तो कहा गया कि गोशाला में ऐसे गायों केलिए कोई व्यवस्था नही है।
इस पूरी घटना पर वॉइस ऑफ़ दरभंगा से बात करते हुए विधान पार्षद अर्जुन साहनी ने बताया कि सरकार गूंगी बहरी है बिहार की। इन युवकों ने जो किया है,वह एक महान कार्य है। वे सरकार से मांग करते हैं कि गोशाला को पूर्ण सुदृढ़ किया जाय और ऐसे गायों के रख रखाव की सुविधा दी जाय।
भाजपा के जाले विधायक जिबेश कुमार ने भी फोन पर इन युवकों का हौसला बढ़ाया और दरभंगा पहुँचते ही मिलकर हरसंभव मदद का वादा किया है।


