
अखबार में विज्ञापन देख हेल्थ कार्ड बनाने की नौकरी केलिए गये युवकों से लाखों की ठगी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: कहा जाता था कि अखबार समाज का दर्पण होता था। अख़बार में छपी चीज़ें लोगो के भरोसे का आधार होता था। पर आज के व्यवसायिक युग में चन्द सिक्कों की कीमत पर सही गलत परखे बिना अखबार कोई भी विज्ञापन प्रकाशित कर देते हैं शायद। इसी तरह के अख़बार में छपे विज्ञापन पर नौकरी केलिए गये सैकड़ो युवकों से लाखों की ठगी का ताज़ा मामला प्रकाश में आया है।
ठगी के शिकार युवकों ने शनिवार को सदर डीएसपी दिलनवाज अहमद से मिलकर एक आवेदन दिया है जिस पर श्री अहमद ने लहेरियासराय थाना को प्राथमिकी दर्ज करके कारवाई का निर्देश दिया है। बहादुरपुर निवासी एक पीड़ित विजय कुमार ने इस संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया कि अखबार में निकले विज्ञापन के अनुसार ग्लोबल एजुकेशनल चैरिटी वेलफेयर ट्रस्ट नामक संस्था विभिन्न पंचायतों में हेल्थ कार्ड बनाने केलिए प्रतिनिधियों की आवश्यकता थी। इसके लिए स्थानीय एम्एल एकेडमी के निकट कार्यालय में मो0 असगर, विक्की सिंह, रितेश कुमार द्वारा सभी युवकों से 1100 का डिमांड ड्राफ्ट ज्वाइनिंग के नाम पर तथा 3100 रूपये सिक्योरिटी मनी के नाम पर लेकर कुल 4200 रूपये प्रत्येक युवक से लिया गया था। पर किसी को कोई पेमेंट आदि नही मिला और संस्था बन्द करके संचालक अचानक फरार हो गए।
इस घटना पर वॉइस ऑफ़ दरभंगा से बात करते हुए डीएसपी दिलनवाज अहमद ने कहा कि पुलिस अपना काम करेगी। पर लोगो को भी ऐसे विज्ञापनों के झांसे में नही आना चाहिए। आये दिन इस तरह के चिटफंड कम्पनी के द्वारा ठगी के मामले भी सामने आते रहते हैं। ऐसे में विज्ञापनों पर भरोसा नही करके, बल्कि पूरी जांच पड़ताल के बाद ही जुड़ें।

