
शरारती तत्वों द्वारा पुजारी के घर आग लगा देने के मामले की जांच केलिए पहुँचे डीएम-एसएसपी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: केवटी के असराहा-हाजीपुर मार्ग पर असराहा गांव के समीप निमार्णाधीन महावीर मंदिर परिसर में पुजारी के लिए फूस के बने एक आवासीय घर में गत 27 अप्रैल की रात कुछ शरारती तत्वों ने आग लगा दिया था जिससे घर सहित उसमे रखे करीब चार लाख रुपए के आवश्यक सामान जलकर राख हो गये थे. जबकि उसमे सो रहे मंदिर के पुजारी समेत दो लोग बाल- बाल बच गए. इस घटना को लेकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए थे और माहौल तनावपूर्ण हो गया था। और दोषियो के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसकी गिरफ्तारी की मांग करने लगे. सूचना मिलते ही तत्काल अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंच कर लोगों को समझा-बुझाकर कर तथा दोषियों पर कार्रवाई करने के अश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए थे.
इसी मामले की जांच केलिए आज दरभंगा के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक सत्यवीर सिंह, सदर अनुमण्डल पदाधिकारी गजेंद्र प्रसाद सिंह एवं एएसपी दिलनवाज अहमद सहित कई पदाधिकारी पहुँचे और स्थल का जायजा लेने के साथ स्थानीय लोगों से बात करके विधिवत न्याय का भरोसा दिलाया।
ज्ञात हो कि इस संबंध में वार्ड सदस्य असराहा गांव निवासी सहदेव चौपाल के आवेदन पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी जिसमे असराहा पंचायत के मुखिया पति खुर्शीद आलम, मो. जाकीर व भोला अंसारी तथा मो अंजार को नामजद किया गया है. प्राथमिकी में सहदेव ने अभियुक्तों पर घटना को अंजाम देने समेत अन्य कई गंभीर आरोप लगाया है.

