
जमीन हड़पने केलिए सौतेली बेटी ने दी थी माँ के हत्या की सुपारी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: घनश्यामपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित कौशल्या देवी हत्या कांड में पुलिस ने शुक्रवार को मनसारा गांव निवासी राम बालक यादव की पत्नी ममता देवी को गिरफ्तार किया है। वह मारी गई कौशल्या देवी की सौतेली बेटी है। एसडीपीओ सुरेश कुमार ने बताया कि किरतपुर गांव वासी.विद्यानन्द यादव की दो शादी हुई थी। पहली पत्नी धर्मशीला देवी से एक बेटी ममता देवी हुई थी। दूसरी पत्नी कौशल्या देवी से तीन बेटी है। ममता देवी ने ही जमीन हडपने के लिए अपनी सौतेली मां की हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए सहरसा जिले के नवहटटा थाने के बकोनिया गांव वासी जयकांत यादव के पुत्र रोहित यादव से 50 हजार रुपये में हत्या का सौदा तय किया गया था। रोहित सहित पांच लोगों ने मिलकर कौशल्या की हत्या कर दी। इनमें से चार आरोपितों को पुलिस ने 4 मई को गिरफतार किया था। एक आरोपी अब भी फरार चल रहा है। इस हत्या कांड के उदभेदन से पुलिस को बडी राहत मिली है। एसडीपीओ ने बताया कि फरार आरोपित को शीघ्र गिरफतार कर लिया जाएगा। एसडीपीओ के अलावा जमालपुर थानाध्यक्ष दिगम्बर कुमार, घनश्यामपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पंत के नेतृत्व में लगातार छापेमारी जारी है।

