
घर में मिट्टी में गाड़ कर रखे शराब को निकाल कर बेचने के धंधे का पुलिस ने किया भंडाफोड़। Voice of Darbhanga

दरभंगा: शराब कारोबारियों पर पुलिस जैसे जैसे नकेल कसती जा रही है, कारोबारी भी नए नए तरीके ईजाद करते जा रहे हैं। ताजा मामला मनीगाछी थाना के महथौर गाँव का है जहाँ रविवार देर रात पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापेमारी कर 750 एमएल की 26 बोतल हरियाणा निर्मित रॉयल आर्म्स ब्रांड की शराब बरामद की है। थानाध्यक्ष कौशल कुमार ने बताया कि महथौर गाँव के जगदीश राय के पुत्र राजेश राय की पहले से भी आपराधिक छवि रही है। पुलिस को सूचना मिली कि वह अपने घर में मिट्टी में गाड़ कर शराब रखता है और उसे निकाल निकाल कर बेचता है। इस लगन में लगातार उसके द्वारा बिक्री किये जाने की सूचना के बाद जब पुलिस राजेश राय के घर पर रात करीब 10 बजे पहुँची तो पुलिस की गाड़ी देखते ही सभी खरीदने और बेचने वाले भाग खड़े हुए। उस जगह से पुलिस ने मिट्टी में गड़े 26 बोतल को जब्त किया और राजेश राय पर काण्ड संख्या 98/17 दर्ज किया गया है।

