
बिना आदेश गोली चलने की बात संदेहास्पद: राजीव कुशवाहा। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बहेड़ी थाना के हावीडीह में लाश दफनाने के विवाद के बाद गोली चलने से एक व्यक्ति की मौत के बाद प्रशासन की विफलता पर सभी दलों द्वारा सवाल उठाना जारी है। इसी क्रम में एनडीए के सहयोगी दल राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के जिलाध्यक्ष राजीव कुशवाहा ने सदर एसडीओ के बॉडीगार्ड द्वारा बिना आदेश गोली चलाने की बात पर संदेह प्रकट करते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। श्री कुशवाहा ने वॉइस ऑफ़ दरभंगा से बात करते हुए बताया कि उन्हें जैसी जानकारी मिली है उसके अनुसार आरोपी गार्ड के कार्बाइन के साथ साथ रायफल के खोखे भी घटनास्थल से बरामद हुआ है जो सीधा संकेत देता है कि गोली एक से ज्यादा व्यक्तियों द्वारा चलायी गयी है। बिना आदेश एक से ज्यादा व्यक्ति द्वारा गोली चलाने की बात निश्चित रूप से संदेह उतपन्न करती है। विवादित जमीन पर लाश दफनाने और उसके बाद वरीय अधिकारियों की उपस्थिति में गोली चलना एक गम्भीर मामला है। इसमें वरीय अधिकारियों की भूमिका भी संदेह उतपन्न करता है। अतः इसकी उच्च स्तरीय जांच आवश्यक है ताकि सभी निर्दोषों के हत्यारों और साजिशकर्ता बेनकाब हो।
श्री कुशवाहा ने बताया कि इस पुरे मामले की जांच केलिए उनके नेतृत्व में एक जांच कमिटी का गठन किया गया है जो घटनास्थल पर जांच कर अपनी रिपोर्ट वरीय अधिकारियों और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को सौंपेगी। जांच कमिटी में जिलाध्यक्ष राजीव कुशवाहा के साथ सफदर इमाम, विद्यानन्द राम, लक्ष्मी पासवान, राकेश कुमार वर्मा, चन्दन जायसवाल तथा संजय यादव को शामिल किया गया है।

