
गोलीकांड के विरूद्ध दलित शोषण मुक्ति मोर्चा का प्रदर्शन। Voice of Darbhanga

दरभंगा : बहेरी थाना के हावीडीह गांव में दलितों पर किए गए पुलिस फायरिंग एवं हत्या के खिलाफ दलित शोषण मुक्ति मंच दरभंगा जिला कमेटी की ओर से पोलो मैदान से प्रतिरोध मार्च निकाला गया. प्रतिरोध मार्च आयुक्त कार्यालय समाहरणालय लहरिया सराय टावर होते हुए लोहिया चौक पहुंचा. जहां नंदराम की अध्यक्षता में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए किसान सभा के राज्य अध्यक्ष ललन चौधरी ने कहा कि दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के हावीडीह गोलीकांड प्रशासनिक विफलता का परिणाम है. नीतीश राज में दलितों पर पुलिस फायरिंग हो रहा है. दलितों की कत्लेआम व हत्या किया जा रहा है, दरभंगा जिले में अपराध बढ़ रहा है, प्रशासन अपराध रोकने में विफल साबित हो रही है. उन्होंने हावीडीह गोलीकांड की उच्चस्तरीय जांच करने की मांग किया. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसके कहने पर पुलिस ने गोली चलाई इसकी जांच होनी चाहिए. गोली चलाने से पहले माईक से सचेत करना, लाठी चार्ज करना, आँसू गैस छोड़ना आदी कई प्रक्रिया है, जिसे नहीं किया गया और सीधा फायरिंग शुरू कर दिया. दलित शोषण मुक्ति मंच के राज्य सचिव श्याम भारती ने कहा कि बहेड़ी थाना क्षेत्र के हावीडीह कांड की निंदा करते हुए कहा कि दो पक्षों के बीच मामूली झरप पर पुलिस की ओर से की गई फायरिंग काफी निंदनिये है. सदर एसडीओ के अंगरक्षक द्वारा किसके कहने पर गोली चलवाई उसकी उच्चस्तरीय जांच होना चाहिए. दलित हत्याकांड के अभियुक्तों पर स्पीडी ट्रायल कर फांसी की सजा दिया जाना चाहिए. उन्होंने मृतक के परिवार को 25 लाख रूपये का मुआवजा एवं मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग किया. सभा को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिला संयुक्त सचिव रामसागर पासवान ने कहा कि सरकार जमीन की समस्या का हल करने में विफल रही है. जमीन की साधारण विवाद में दलितों की हत्या हो रही है और प्रशासन हत्यारों पर कार्यवाही नहीं कर रही हैं. प्रतिरोध मार्च को मोहम्मद जाकिर, सुधीर पासवान, उपेंद्र साह प्रमीला देवी,सोमनी देवी एवं छात्र नेता मुकुल राज ने संबोधित किया.

