
हावीडीह में त्वरित न्याय नही मिला तो भाजपा करेगी पदयात्रा। Voice of Darbhanga

दरभंगा : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सांसद नित्यानन्द राय ने बुधवार को बहेड़ी थाना के हावीडीह गांव पहुंचकर वहां पुलिस गोली के शिकार हुए विजय राम के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और न्याय दिलाने का भरोसा दिया. यहां पर पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा अध्यक्ष श्री राय ने जिला प्रशासन को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि गोली कांड प्रशासनिक विफलता का परिणाम है. उन्होंने सवाल उठाया कि भूदान की जमीन पर न तो शमशान बन सकता है और न ही कब्रिस्तान. भूदान की जमीन सिर्फ पर्चाधारी को ही कब्जा दिलाया जा सकता है. उन्होंने राज्य सरकार के मंशा पर सवाल उठाया और कहा कि राज्य सरकार भूदान की जमीन पर कब्जा दिलाने के लिए जोर-शोर से घोषणा कर रही है. लेकिन सरकार की घोषणा दरभंगा में सरजमी पर नहीं उतरी. जिसका परिणाम गोलीकांड है. भाजपा अध्यक्ष ने यहां तक कहा कि जिस विवादित जमीन पर सबको पुलिस संरक्षण में दफनाया गया. वह कहीं से भी उचित नहीं है. उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर हावीडीह के पीड़ितों को न्याय नहीं मिला, तो भाजपा हावीडीह गांव से स्थानीय लोगों के साथ मिलकर भाजपा के लोग समाहरणालय तक पदयात्रा करेंगे. उन्होंने इस कांड में गिरफ्तार निर्दोषों को जल्द रिहा करने की मांग की है. वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरारी मोहन झा ने पीड़ित के परिजनों को आश्वासन दिया कि न्याय दिलाने के लिए भाजपा उनके साथ है. श्री झा ने कहा कि भूदान की जमीन पर पर्चाधारी को अविलम्ब कब्जा दिलाया जाय. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के हावीडीह पहुंचने पर भारी संख्या में स्थानीय लोगों का हुजुम पहुंच गया. जबकि भाजपा के विधायक संगठन से जुड़े लोग, पूर्व विधायक के अलावे भाजपा के आम कार्यकर्ता उनके साथ थे. वहीं उन्होंने कहा कि 12 मई को बजरंग दल के बंद के आह्वन में भाजपा शामिल होगी. जिनमें प्रदेश उपाध्यक्ष गोपालजी ठाकुर, जिलाध्यक्ष हरि सहनी, विधायक जीवेश मिश्र,पूर्व विधायक अशोक यादव, विधान पार्षद अर्जुन सहनी, प्रदीप ठाकुर, अशोक नायक, आदित्य नारायण मन्ना, मुरारी मोहन झा, मुकुन्द चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे.

