
स्कार्पियो से ड्राइवर के साथ शराब पकड़ाने पर पहली बार स्कार्पियो मालिक पर भी करवाई। Voice of Darbhanga

दरभंगा: सिमरी थाना क्षेत्र स्थित बिठौली चौक पर पुलिस ने सोमवार को भारी मात्रा में शराब बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि एक लाइन होटल पर कंटेनर से शराब को उतार कर स्कार्पियो में लोड करने की सूचना सिंमरी थानाध्यक्ष राजन कुमार को मिली। इसके बाद श्री कुमार के नेतृत्व में सिमरी थाना की पुलिस ने छापेमारी कर छह कार्टन शराब बरामद कर एक धंधेबाज को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन, अन्य लोग भागने में सफल रहे। गिरफ्त में आए धंधेबाज लखिन्द्र मंडल जाले थाना क्षेत्र के रेवढ़ा गांव निवासी दया मंडल का पुत्र है। वहीं पुलिस ने पीछा कर जाले थाना क्षेत्र के बसंत गांव से नवीन झा को गिरफ्तार कर लिया। वह बसंत गांव निवासी अमौल झा का पुत्र है। वहीं शराब लदी स्कार्पियो बीआर07पीए 3115 के मालिक राजेंद्र झा को बसंत गांव से गिरफ्तार कर लिया। वह बसंत गांव निवासी लखीकांत झा का पुत्र है। एएसपी दिलनवाज अहमद ने बताया कि हरियाणा से कंटेनर में शराब लाई गई थी। बिठौली चौक पर कंटेनर से शराब को उतारकर स्कार्पियो में लोड किया जा रहा था। हालांकि, कंटेनर शराब को उतारने के बाद देहरादून के लिए रवाना हो गया। लेकिन, पुलिस ने शराब सहित स्कार्पियो को जब्त कर लिया। छह कार्टन से 288 पीस हिमचल प्रदेश में बिक्री होने वाली ओएफ ब्लू शराब की बोतलें बरामद की गई। वहीं बंगलुरू की 18 बोतल बियर पाई गई। पुलिस को चकमा देकर फरार होने वाला धंधेबाज विरेन्द्र प्रसाद साह को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। एएसपी श्री अहमद ने कहा कि पुलिस पहली बार वाहन मालिक पर भी कार्रवाई की है। वाहन मालिक को भी दोषी मानकर गिरफ्तार करने की बात कही है। हालांकि, चालक नवीन झा ने अपने मालिक को चकमा देकर शराब लाने के लिए गाड़ी लेकर गया था। बावजूद पुलिस ने मालिक पर कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने बताया कि मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। मौके पर सिमरी थानाध्यक्ष राजन कुमार, अवर निरीक्षक कुंदन कुमार, एएसआई राकेश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।

