
समीक्षा बैठक में लोक शिकयत निवारण के धीमी कार्यप्रणाली पर जिलाधिकारी गंभीर। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय के सभागार में सोमवार को हुई। इसमें सबसे पहले जिला व अनुमंडल लोक शिकायत निवारण कार्यालय के कार्यों की समीक्षा की गई। जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी नेसार अहमद ने बताया कि विद्युत विभाग से संबंधित काफी संख्या में परिवाद पत्र प्राप्त हो रहे हैं। इसके निष्पादन की गति धीमी है। इस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अभियंताओं को कैंप का आयोजन कर सभी लंबित परिवाद पत्रों को निष्पादित करने का निर्देश दिया। इसके बाद जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय से संबंधित लंबित परिवाद पत्रों पर विभागवार समीक्षा की गई। सदर, बेनीपुर एवं बिरौल अनुमंडल लोक शिकायत निवारण कार्यालय के कार्यकलापों की भी समीक्षा की गई। बिरौल अनुमंडल लोक शिकायत निवारण कार्यालय में भू-राजस्व से संबंधित परिवाद पत्र काफी संख्या में लंबित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी को एसडीपीओ के साथ संयुक्त रूप से लंबित परिवाद पत्रों की समीक्षा कर निष्पादित कराने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा। जिलाधिकारी ने लोक शिकायत निवारण कार्यालय में प्राप्त परिवाद पत्रों पर व्यक्तिगत रूप से सभी लोक प्राधिकार को रूचि लेते हुए समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। लोक प्राधिकारों को सुनवाई से जानबूझ कर अथवा लापरवाही के कारण अनुपस्थित रहने का गंभीर खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। सरकार के स्तर पर लोक प्राधिकारों के अनुपस्थिति को काफी गंभीरता से लिया गया है एवं इस पर जीरो टॉलरेन्स की नीति अपनाने की हिदायत दी गई है। सभी विभागों के प्रभारी
पदाधिकारियों को लोक शिकायत से संबधित मामलों पर सजग एवं संवदेनशील रहने को कहा गया। प्रत्येक शनिवार को सभी अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी की संयुक्त बैठक की कार्यवाही की समीक्षा संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी करेंगे एवं जिलाधिकारी को नियमित रूप से प्रतिवेदन भेजेंगे।
प्रखंडों में आईटी भवन एवं ई-किसान भवन के निर्माण के अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त श्री विवेकानंद झा, नगर आयुक्त नागेंद्र कुमार सिंह, डीआरडीए निदेशक नरेश झा, विशेष कार्य पदाधिकारी रवींद्र कुमार दिवाकर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार व अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

