
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अभी और काम करने की जरूरत: कुलपति। Voice of Darbhanga

दरभंगा: राजभवन में 16 मई को वीसी व प्रोवीसी के हुए सम्मेलन से सूबे के आम जनों में एक आशा जगी है। बिहार में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में गरिमा को पुर्नस्थापना के लिए जो पहल प्रारंभ हुई है उसका लाभ आगे होने की संभावना बंधी है। सम्मेलन में कुलाधिपति रामनाथ कोविंद ने स्वीकार किया कि अब समय आ गया है कि विश्वविद्यालयों को विद्यार्थियों की आशाओं व जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाय। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्पष्ट तौर पर वीसी व प्रोवीसी से कहा कि हम आप की चिंता करते हैं आप हमारी चिंता करें। तात्पर्य यह कि छात्रों को सही शिक्षा मिले, शैक्षणिक कैलेंडर का शत- प्रतिशत अनुपालन हो इसकी व्यवस्था होनी चाहिए। लनामिविवि के वीसी प्रो. सुरेंद्र कुमार सिंह भी इस सम्मेलन से काफी आशान्वित हैं। उन्होंने दैनिक जागरण से सम्मेलन के निष्कर्ष निकालते हुए कहा कि निश्चित रूप से यह सम्मेलन उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मिल का पत्थर साबित होगा। इस सम्मेलन में खासकर गुणवत्तपूर्ण शिक्षा के साथ नामांकन औसत बढ़ाने पर बल दिया गया। इस सम्मेलन से उच्च शिक्षा के विकास में एक सशक्त नीति बनाने में मदद मिलेगी।

