
जदयू-राजद के छात्र संगठनों का विश्वविद्यालय पर संयुक्त धरना, परीक्षा विभाग में तालाबंदी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: राज्य के सत्तारूढ़ महागठबंधन की छात्र इकाई जदयू और राजद से जुड़े छात्रों ने परीक्षा परिणाम में व्याप्त गड़बड़ी सहित 25 सूत्री मांगों को लेकर विश्वविद्यालय मुख्यालय पर जुझारू प्रदर्शन किया और परीक्षा विभाग ने तालाबंदी कर दी. जिससे परीक्षा विभाग का कार्य प्रभावित हुआ. प्रदर्शन की शुरूआत आयकर चौराहे से हुई, जहां थोड़ी देर के लिए यातायात अवरूद्ध हो गया. जिसके कारण चारो तरफ वाहनों की कतारे लग गई. इस चिलचिलाती धूप में लोगों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा. थोरी देर के बाद जब छात्रगण विश्वविद्यालय कूच कर गये उसके बाद इस मार्ग पर यातायात बहाल हो गया. विश्वविद्यालय पहुंचकर छात्रों ने परीक्षा विभाग में तालाबंदी कर वहां धरना पर बैठ गये. इस बीच छात्र विश्वविद्यालय के कई पदाधिकारियों को बर्खास्त करने एवं एनसीसीएच सॉफ्टवेयर कम्पनी का ठेका रद्द करने की मांग कर रहे थे. आंदोलन का नेतृत्व ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के अध्यक्ष आशिफ कमाल, डॉ. मो. कमाल, जोहा सिद्दीकी कर रहे थे. आंदोलन में कार्यक्रम की अध्यक्षता आशिफ कमाल ने किया और धन्यवाद ज्ञापन जदयू महानगर प्रवक्ता अंजीत कुमार चौधरी ने किया. इधर विश्वविद्यालय के पीआरओ डॉ. एन.के. अग्रवाल ने विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि छात्र राजद और जदयू के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. साथ ही धरना दिया. जिसके चलते परीक्षा विभाग का कार्य कुछ देर के लिए बाधित हुआ. उन्होंने बताया कि छात्र नेता संतोष गोस्वामी, दिनेश कुमार मंडल और मनीष कुमार यादव से कुलपति से वार्ता हुई. डॉ. अग्रवाल के मुताबिक कुलपति ने कहा कि दवाब की राजनीति किसी भी स्तर से नहीं चलेगी. आपलोग अपनी समस्यायें आॅपचारिक रूप से संबंधित पदाकारियों के समक्ष रखे. अगर समस्या का निदान नहीं होता है, तब जाकर कुलपति से मिले. उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय छात्रों की है. सालीनता रखनी चाहिए किसी भी समस्या का हल मर्यादित रूप से आप अपनी मांग रखेंगे, जो न्याय संगत विचार किया जायेगा.

